टोक्यो पैरालंपिक में टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविन पटेल ने जीता रजत पदक

खेल दुनिया मुख्य समाचार
Spread the love

जापान। खेल दिवस के दिन भारत की खिलाड़ी ने इतिहास रच दिया है। टोक्यो पैरालंपिक में भारतीय पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल ने रजत पदक जीता। वह फाइनल में चीन की झोउ यिंग से हार गईं। शनिवार को भाविना ने वर्ल्ड रैंकिंग में नंबर तीन खिलाड़ी मियो को मात दी थी। रजत पदक जीतने पर राष्‍ट्रपति, प्रधानमंत्री, झारखंड के राज्‍यपाल सहित अन्‍य ने उन्‍हें बधाई दी है। खिलाड़ी के घर जश्‍न का माहौल है।

टोक्यो पैरालंपिक में टेबल टेनिस में रजत पदक जीतने वाली खिलाड़ी भाविना पटेल के घर मेहसाणा में उनके परिवारजन और रिश्तेदारों ने जश्न मनाया।

भाविन ने कहा कि मैं बहुत खुश हूं कि पैरालंपिक में पहली बार पैरा टेबल टेनिस में पहली बार भारतीय महिला ने पदक जीतकर इतिहास रचा। मैं कोच को धन्यवाद देती हूं। मेरे रिश्तेदारों ने बहुत प्रेरित किया। मेरे जितने भी चाहने वाले हैं, उन्हें और सभी देशवासियों को यह मेडल समर्पित करना चाहती हूं। उनके सहयोग से मैं यहां नहीं पहुंच सकती थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यो पैरालंपिक में टेबल टेनिस में रजत पदक जीतने पर भाविना पटेल को ट्वीट कर बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘भाविना पटेल ने इतिहास रचा। वे रजत पदक लेकर आईं हैं। उसके लिए बधाई। उनका जीवन प्रेरित करने वाला है और अधिक युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करेगा।‘

भारतीय पैरालंपिक समिति की अध्यक्ष दीपा मलिक ने कहा कि भाविना पटेल के रजत पदक ने इतिहास रच दिया है, वह भी राष्ट्रीय खेल दिवस के दिन। मेरे लिए इससे बड़ी खुशी की बात क्या होगी कि एक महिला ख़िलाड़ी ने मेडल का खाता खोला है। वह महिला खिलाड़ी भी ऐसी, जो व्हील चेयर का इस्तेमाल करती है।

झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस ने टोक्यो पैरालिम्पिक में टेबल टेनिस सिंगल्स प्रतियोगिता में भाविना पटेल को रजत पदक अर्जित करने के लिए हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि देश की इस बेटी की उपलब्धि पर हम सभी को गर्व है। उन्होंने अपनी कृति से युवाओं व भावी पीढ़ियों के लिये प्रेरणा की मिसाल बनने का कार्य किया है।