पलामू में मारा गया कुख्यात नक्सली कमांडर रामसुंदर, कई अत्याधुनिक हथियार बरामद

Uncategorized
Spread the love

पालमू। प्रतिबंधित नक्सली संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) का एरिया कमांडर रामसुंदर राम मारा गया। पुलिस ने घटनास्थल से अत्याधुनिक हथियार बरामद किया है। हालांकि पुलिस को रामसुंदर राम का शव नहीं मिला है।

जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के कोकाडू में बुधवार को झारखंड जनमुक्ति परिषद और टीएसपीसी के बीच मुठभेड़ की सूचना थी। बताया जाता है कि वहां मुठभेड़ नहीं हुई, बल्कि झारखंड जनमुक्ति परिषद के सदस्य पैसे का बंटवारा कर रहे थे। इसी दौरान विवाद में रामसुंदर राम की हत्या कर शव को लेकर भाग निकला। इधर मुठभेड़ की सूचना पर एसपी चंदन कुमार सिन्हा और अभियान एसपी बीके मिश्रा के नेतृत्व में सर्च अभियान चलाया गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को चार अत्याधुनिक हथियार मिले हैं। इसमें दो इंसास रायफल, एक एसएलआर और एक ऑटोमेटिक रायफल बरामद किया है। एसपी ने बताया कि मुठभेड़ किन दो संगठनों के बीच हुई है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य सामग्रियां बरामद की हैं। इसके साथ ही कई जगहों पर खून के छींटे देखे गए हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार को भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बताया जाता है कि कालू पहाड़ पर जेजेएमपी का एरिया कमांडर रामसुंदर राम, जयप्रकाश भुइयां और सकल भवानी के नेतृत्व में दस्ता रुका हुआ था।

तीन नक्सलियों के बीच पैसे के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ। इस विवाद की वजह से दोनों ओर से गोलियां चलीं, जिसमें रामसुंदर राम मारा गया। इस घटना के बाद जयप्रकाश भुइयां और सकल भवानी ने ग्रामीणों की मदद से रामसुंदर राम के शव को बाहर निकाला और आसपास के इलाके में कहीं दफना दिया। रामसुंदर राम को दफनाने के बाद जयप्रकाश भुइयां और सकल भवानी बोलेरो से फरार हो गए।