मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में बाढ़ के पानी में नहाने गये चार बच्चे करंट की चपेट में आ गए। इसमें वह बुरी तरह झुलस गये हैं। सभी को आनन-फानन में इलाज के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है। जहां तीन बच्चों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। जबकि, एक की हालात फिलहाल खतरे से बाहर है।
घटना मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित पुराना जीरो माइल रोड के पुराना सामुदायिक भवन के समीप की है। जहां बाढ़ के पानी में चारों बच्चे नहाने गये थे। घायलों में सहबाजपुर के बादल कुमार, विष्णु कुमार और अविनाश कुमार शामिल हैं। घटना की जानकारी होते ही घायल बच्चों के परिजनों के बीच कोहराम मच गया। लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ काफी आक्रोश जताया।
घटना की सूचना पर पहुंची अहियापुर पुलिस घटनास्थल की छानबीन की। घटना के संबंध में गंभीर रूप से घायल अविनाश के पिता दीपक सहनी ने बताया सामुदायिक भवन के समीप सभी बच्चे नहाने गये थे। नहाने के लिए सभी बच्चे बाउंडरी वॉल पर चढ़ गये। उक्त बाउंडरी वॉल के ऊपर 33 हजार वोल्ट का तार निकला था। बाउंडरी वॉल पर चढकर कूदने के दौरान बच्चे तार की चपेट में आ गये। इसमे सभी झुलस गये। उनके पुत्र समेत तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गये। वहीं, एक बच्चे की स्थिति ठीक बताई जा रही है। इधर, अहियापुर पुलिस ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।