आकस्मिक श्रमिकों के लिए कल्याण कोष गठित किया बीएयू ने

झारखंड
Spread the love

रांची। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय ने यहां कार्यरत सभी नियमित आकस्मिक श्रमिक, मौसमी श्रमिकों के कल्याण के लिए बीएयू कैजुअल लेबरर वेलफेयर फंड के गठन की स्वीकृति दे दी गई है। इससे सबंधित नियम एवं परिनियमों को कुलपति ने गुरुवार को अनुमोदन दे दिया। इस कोष की स्थापना से विवि में कार्यरत 773 नियमित आकस्मिक श्रमिकों के अलावा मौसमी श्रमिकों को भी लाभ मिलेगा।

इस कोष के माध्यम से दोनों वर्गों के श्रमिकों को वित्तीय सहायता एवं कल्याण कार्यो को बढ़ावा दिया जायेगा। इसके तहत श्रमिकों को बीमारी, दुर्घटना एवं मृत्यु की स्थिति में वित्तीय सहायता और इमरजेंसी में बच्चों के ट्यूशन फी एवं शादी-विवाह के अवसर वित्तीय सहायता दी जा सकेगी। विवि में कार्यरत वरीय पदाधिकारी, पदाधिकारी, वैज्ञानिक, शिक्षक, कर्मचारियों, नियमित एवं मौसमी श्रमिकों की वार्षिक सहायता राशि से इस कोष का संचालन किया जायेगा।   

कुलपति का प्रभार लेते ही डॉ ओंकार नाथ सिंह इस दिशा में प्रयत्नशील थे। कुलपति के निर्देश एवं मार्गदर्शन में ही इस कोष का गठन किया गया है।