हेमंत सरकार को गिराने की साजिश के मामले में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने लिया फीडबैक, आरपीएन सिंह आयेंगे रांची

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड में हेमंत सरकार को गिराने की साजिश से परत दर परत अब पर्दा उठने लगा है।

इधर कांग्रेस विधायकों की खरीद-फरोख्त मामले को लेकर शीर्ष नेतृत्व पूरी तरह से गंभीर हो गया है। इस पूरे मामले पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव से जानकारी मांगी गयी है। संभवतः मंगलवार को प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह रांची आ रहे हैं। पार्टी के सारे विधायकों से इस मुद्दे पर बात करेंगे।

यहां बता दें कि सारे विधायकों को 27 जुलाई को रांची तलब किया गया है, ताकि वर्तमान हालात पर बात हो सके। आरपीएन सिंह ने डॉ रामेश्वर उरांव से बात कर इस संबंध में दिशा-निर्देश भी दिया है। साथ ही उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष से विधायकों की खरीद-फरोख्त और सरकार गिराने से जुड़े मामलों पर भी जानकारी मांगी है।

रविवार को कांग्रेस के कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने कहा कि उन्हें मंत्री पद के साथ मोटी रकम का ऑफर देने का मामला सामने आया। इसके बाद से झारखंड की राजनीति पूरी तरह से गर्म हो गयी है। हाल में दिल्ली गये पार्टी के कुछ विधायकों पर भी संदेह के बादल मंडराने लगे हैं। कहा जा रहा है कि उमाशंकर अकेला, डॉ इरफान अंसारी और अन्य विधायक भी दिल्ली गये थे। इसके अलावा अनूप सिंह की भूमिका पर भी सवाल जारी है।

इधर, सरकार गिराने के आरोप में जिन तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें से एक आरोपी अभिषेक दुबे ने पूरे मामले पर अपना कबूलनामा पुलिस को दिया है।