उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में 22 जुलाई तक गठित करनी है SMC, ये है न‍िर्देश

झारखंड शिक्षा
Spread the love

रांची। झारखंड के उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में 22 जुलाई तक विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) गठि‍त की जानी है। इसके लेकर शिक्षा विभाग और झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद निर्देश जारी कर चुका है। इस आलोक में रांची जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने 6 जुलाई को सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, अवर विद्यालय निरीक्षक रांची 01 और 02 को पत्र भेजा है।

उच्च एवं उच्चतर विद्यालयों में पूर्व में संचालित विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति को खत्‍म करते हुए प्रस्तावित 19 सदस्यीय विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन किया जाना है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के दिशा-निर्देश के आलोक में विद्यालय प्रबंधन समिति का पुर्नगठन 30 अप्रैल, 2021 तक पूर्ण किया जाना था। हालांकि पूर्ण लॉकडाउन के कारण समय पर पुनर्गठन का कार्य नहीं किया जा सका।

वर्तमान में 22 जुलाई, 2021 तक SMOC पुनर्गठन का कार्य किया जाना है। संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक ये सुनिश्चित करेगे कि उक्त बैठक में विद्यालय में पढ़ने वाले सभी छात्र-छात्राओं के माता-पिता अनिवार्य रूप से भाग लें। इसकी सूचना पूर्व में ही अभिभावक को देंगे। संबंधित प्रधानाध्यापक बैठक की पूर्व सूचना अपने प्रखंड के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को देंगे। सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी अपने अपने प्रखंड के अन्तर्गत आने वाले विद्यालय में बैठक की सूचना (समय-सारणी) पूर्व में ही लेकर जिला को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही प्रखंड के सभी पदाधिकारी एवं संकुल स्तरीय पदाधिकारी को विद्यालय में पर्यवेक्षक नियुक्त कर उनकी उपस्थिति में पुर्नगठन का कार्य कराना सुनिश्चित करेंगे।

विभाग के दिशा-निर्देश के आलोक में 22 जुलाई, 2021 तक सभी उच्च एवं उच्चतर विद्यालयों में विद्यालय प्रबंधन समिति का पुर्नगठन पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। दिए गए प्रपत्र में प्रतिवेदन जिला कार्यालय को एक सप्ताह के अंदर उपलब्ध कराए जाने के उपरांत ही पुर्नगठन कार्य किया जाए, ताकि जिला स्तर से भी अनुश्रवण किया जा सके। साथ ही वर्तमान में कोविड महामारी को ध्यान में रखते हुए कोविड मापदंड का पालन करते हुए पुर्नगठन का कार्य सम्पादित किया जाए।