लातेहार। उपायुक्त अबु इमरान के निर्देश पर चंदवा प्रखंड की कामता पंचायत के ग्राम चटुआग की परहैया टोला स्थित अखरा में रविवार को मेडिकल टीम ने कैंप लगाया। बुखार से ग्रसित लोगों को जांच कर उन्हें दवाइयां दी गई। मेडिकल टीम में शामिल चिकित्सा प्रभारी नंदकुमार पांडे, एमपीडब्ल्यू सीताराम कुमार, कृष्णाकांत कुमार, स्वास्थ्य कर्मी धनेश्वर प्रसाद, सहिया मुनीता देवी ने 21 लोगों को कोविड का सैंपल लिया। सभी की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई। 27 लोगों की मलेरिया जांच के लिए ब्लड सेंपल लिए गए। उनकी रिपोर्ट भी निगेटिव आई। 34 ग्रामीण, बच्चे और महिलाओं का चेकअप किया गया। सभी वायरल बुखार खांसी दर्द से पीड़ित पाए गए। उन्हें दवाएं दी गई।
चिकित्सा प्रभारी नंदकुमार पांडे ने लोगों को बिमारी से बचने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण कई जगहों पर जलजमाव से मलेरिया मच्छर पनपते हैं। इससे मलेरिया और वायरल बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है। इससे बचने के लिए अपने घर के आसपास जलजमाव नहीं होने दें। घर की साफ-सफाई पर ध्यान दें। गांव के लोगों से अपील की गई कि परिवार के किसी सदस्य को बुखार, पेट दर्द व अन्य दिक्कत होने पर झाड़ फूंक के चक्कर में नहीं फंसे। उसे तत्काल अस्पताल में लाकर इलाज कराएं।
उल्लेखनीय है कि परहैया टोला के आदिम जाति व जनजाति के कई परिवार बुखार से पीड़ित थे। ग्रामीण झाड़ फूंक का भी सहारा ले रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही माकपा नेता सह सामाजिक कार्यकर्ता अयुब खान, पूर्व पंचायत समिति सदस्य फहमीदा बीवी ने गांव का दौरा कर जानकारी ली थी। इस मामले की जानकारी उपायुक्त अबु इमरान को देते हुए बुखार से पीड़ित लोगों के उपचार के लिए तत्काल चिकित्सा टीम गांव भेजने का अनुरोध किया। इसके बाद मेडिकल टीम आई। इस अवसर पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शिशिर कुमार बारला, डीलर शाहिद खान, मुखिया पति नरेश भगत, बीनोद परहैया, दसवा परहैया, विजय परहैया, बिफईया परहैया, चरका परहैया व अन्य उपस्थित थे।