एंटी नक्सल अभियान के दौरान लैंडमाइंस विस्‍फोट में जवान घायल, रांची में चल रहा इलाज

झारखंड
Spread the love

गुमला। एंटी नक्सल अभियान के दौरान कोबरा बटालियन का एक जवान लैंडमाइंस की चपेट में आ गया। घायल जवान को इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया। उसे इलाज के लिए मेडिका अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना में श्‍वान द्रोणा की मौत हो गई। घटना कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र के मरवा जंगल की है।

पुलिस के मुताबिक जिले के घोर नक्सल प्रभावित कुरूमगढ़ थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन भाकपा (माओ) के नक्सलियों के जमा होने एवं किसी हिंसक कार्रवाई किये जाने की योजना बनाने संबंधी सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त बलों द्वारा घने जंगल एवं पहाड़ों से घिरे कुरूमगढ़ थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इस क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा आईईडी का जाल बिछाया गया है। सुरक्षा बल एवं गांव वालों को लक्षित करने की योजना बनाई गई है। पूर्व में भी आईईडी की चपेट में आने से ग्रामीण और मवेशियों के जख्मी होने/मृत होने की घटनाऐं घटित हुई है। नक्सलियों के इन्हीं मंसूबो को नाकाम करने के लिए इस क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस क्षेत्र में 31 मई, 2021 को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन भाकपा (माओ) का 01 नक्सली मारा गया था। घटनास्थल से 01 (एक) पुलिस का लुटा हुआ 303 रायफल, 63 चक जिंदा गोली, 24-केन बम और नक्सल पर्चा बरामद किया गया था।

इसी क्रम में प्राप्त सूचना के आलोक में नक्सलियों के मंसूबों को नाकाम करने एवं प्रभावी कार्रवाई करने के लिए 13 जुलाई, 2021 को प्रातः में संयुक्त बलों के द्वारा डॉग स्कॉयड, बीडीडीएस टीम के साथ अभियान चलाया जा रहा था। अभियान के क्रम में कोबरा-203 बटालियन के सीटी/ जीडी (नंबर-135104096) विश्वजीत कुम्भकार (डॉग हैंडलर)  आईईडी की चपेट में आ जाने के कारण जख्मी हो गये। श्‍वान द्रोणा शहीद हो गये।

जख्मी जवान विश्वजीत कुम्भकार को अविलम्ब त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा एयर लिफ्ट कर रांची लाया गया। मेडिका अस्पताल, राँची में भर्ती कराया गया, जहाँ पर इनका इलाज चल रहा है। घटना स्थल के आसपास सुरक्षा बलों द्वारा उग्रवादियों के विरुद्ध अभियान जारी है।