रांची। महर्षि सेवा संस्थान एवं कॉलगेट पामोलिव प्राइवेट लिमिटेड, ईस्टर्न जोन वेयर हाऊस के संयुक्त तत्वावधान में पौधरोपण किया गया। नामकुम के बरगांवा में 50 पौधे लगाये गये। इसमें आम, अमरूद, जामुन, अशोक, आंवला के साथ अन्य छायादार एवं फलदार वृक्ष शामिल थे। आज कोलगेट पामोलिव प्राइवेट लिमिटेड ने पूरे देश में एक साथ पौधरोपण दिवस मनाया।
झारखंड वेयर हाउस के मैनेजर धीरज कुमार ने बताया कि कोरोना काल में ऑक्सीजन की बहुत कमी हुई। ऑक्सीजन की पूर्ति और ग्लोबल वार्मिंग से बचाव का एकमात्र विकल्प पौधरोपण है। इससे शुद्ध हवा, छाया के साथ फल की भी प्राप्ति होती है। इसके लिए सभी लोगों को पौधे लगाये चाहिए।
महर्षि सेवा संस्थान के सचिव सुनील ने बताया कि हमारा संस्थान ‘हर आंगन एक वृक्षारोपण’ मुहिम चला रहा है। इसके तहत कोई भी संस्था से नि:शुल्क पौधे प्राप्त कर सकता है। इस क्रम में कोकर से राज, महिलोंग से रवि परिहार और हरमू से देवबाला ने अपनी जरूरत के अनुसार संस्थान से पौधे लिये।
पौधरोपण कार्यक्रम में कोलगेट से धीरज कुमार, सूरज साहू, धीरज साहू, अनुप बारला के साथ अन्य कर्मचारी और संस्थान से सौरभ, जितेंद्र शर्मा, अभिजीत, निखिल राज, राजीव गुप्ता के साथ अन्य सदस्य उपस्थित थे।