शाम 6 बजे मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार, मंत्री बनेंगे 43 नेता

देश नई दिल्ली मुख्य समाचार
Spread the love

नई दिल्ली। केंद्र की नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार बुधवार यानी 7 जुलाई की शाम 6 बजे होगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में 43 नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे। इसका खाका तैयार कर लिया गया है। शपथ लेने वाले कई नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं। वर्तमान मंत्रिमंडल से भी कई नेताओं की छुट्टी होगी।

जानकारी के मुताबिक मोदी कैबिनेट के विस्तार में नए चेहरों को जगह दिया जाएगा। पार्टी आलाकमान के बुलावे पर मध्य प्रदेश से भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, महाराष्ट्र से नारायण राणे, असम से सर्बानंद सोनोवाल, जदयू नेता आरसीपी सिंह दिल्ली पहुंच गए हैं।

बताया जा रहा है कि आधा दर्जन कैबिनेट मंत्रियों की छुट्टी होगी। एक दर्जन मंत्रियों के विभागों में बदलाव किया जाएगा। इसके अलावा आठ से 10 राज्य मंत्रियों को भी टीम मोदी से बाहर होना पड़ सकता है। माना जा रहा है कि मोदी कैबिनेट में युवाओं को खास तौर पर तरजीह दी जाएगी।

कैबिनेट विस्तार से पहले मोदी ने नया सहकारिता मंत्रालय बनाया है। मोदी सरकार इस मंत्रालय के जरिए अपने ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को साकार करेगी। यह मंत्रालय देश में सहकारी आंदोलन को मजबूत करने के लिए अलग से प्रशासनिक, कानूनी और नीतिगत ढांचा उपलब्ध कराएगा।