पलामू टाइगर रिजर्व में मृत मिला हाथी का बच्चा, इस हिस्से में था गंभीर जख्म

Uncategorized
Spread the love

पलामू। झारखंड के पलामू टाइगर रिजर्व के कुटकू रेंज में एक हाथी का बच्चा मृत अवस्था में पाया गया। शव को देखने से प्रतीत होता था कि उसकी मौत दो तीन दिन पहले हुई होगी।

शव सड़ने लगा था और उससे बदबू आ रही थी। सूचना मिलने पर पीटीआर के पदाधिकारी और गढ़वा के भंडरिया वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और पोस्टमार्टम कराकर हाथी के बच्चे के शव को घटनास्थल पर ही दफना दिया। मौत के पीछे गंभीर जख्म वजह बताई जा रही है। पलामू टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर, नॉर्थ कुमार मनीष ने बताया कि मंगलवार को पेट्रोलिंग के दौरान ट्रेकर ने कुटकू रेंज में एक हाथी के बच्चे का शव देखा। उसकी उम्र 3 वर्ष के आस पास थी।

सूचना मिलने पर बुधवार को पीटीआर की एक टीम मौके पर पहुंची। छानबीन करने पर पता चला कि हाथी के बच्चा के पेट में गंभीर जख्म था। उसमें कीड़े लग गए थे। संभवतः इसी कारण उसकी मौत हो गयी। कल तक हाथी की मां (हथिनी) शव के पास थी, लेकिन आज ऐसा कुछ देखने को नहीं मिला।

शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद बुधवार को उसी स्थान पर जेसीबी की मदद से दफना दिया गया। डिप्टी डायरेक्टर ने कहा कि हाथी के बच्चे की हत्या का मामला महज अफवाह है।