मुखिया की सीएम से शिकायत, कार्रवाई नहीं होने से बढ़ रही राशन डीलरों की मनमानी

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। डीलरों की मनमानी थमने का नाम ही नहीं ले रही है। मनमानी करने वाले डीलरों पर कोई कार्रवाई नहीं होने से उनका मनोबल बढ़ता जा रहा है। यह मामला है जिले के कांडी प्रखण्ड क्षेत्र अंतर्गत गाड़ा खुर्द पंचायत के सुंडीपुर गांव का है। मामला का खुलासा तब हुआ, जब डीलरों के पास लाभुक राशन लेने पहुंचे। कई डीलर डंके की चोट पर अनाज नहीं दे रहे हैं। कुछ राशन देने के चलते घर छोड़ कर भाग जा रहे हैं।

डीलरों की मनमानी की शिकायत पंचायत की मुखिया आरती देवी ने खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी से लिखित तौर पर की है। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री, उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी को भी दी है। उन्‍होंने आवेदन में लिखा है कि सुंडीपुर गांव के चारों डीलर बुधन राम, महावीर स्वयं सहायता समूह, पार्वती स्वयं सहायता समूह और लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह द्वारा जून महीने के राशन का गबन कर दिया गया है। उक्त डीलरों द्वारा लाभुकों को राशन देने से इनकार किया जा रहा है।

मुखिया आरती देवी ने आरोप लगाते हुए कहा है कि चारों डीलरों द्वारा जून महीने का राशन उठाव किया गया है। फिर भी लाभुकों को नहीं दिया जा रहा है। इससे स्पष्ट होता है कि राशन बेच दिया गया है। इस कोरोना काल में सभी गरीब लाभुक भुखमरी के कगार पर हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से जांच कर उचित कार्रवाई करते हुए लाभुकों को राशन दिलाने की मांग की है।

मुखिया प्रतिनिधि नीरज सिंह ने पदाधिकारियों से अनुरोध किया है कि जब तक उक्त सभी डीलरों द्वारा जून का राशन लाभुकों के बीच वितरण नहीं किया जाता है, तब तक अगले माह के राशन उठाव पर प्रतिबंध लगाया जाए। लाभुकों के बीच राशन उपलब्ध कराने की वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।

आवेदन में सोना देवी, फुलवा देवी, दुलारी देवी, देवंती देवी, पुष्पा देवी, कोशीला देवी, सुगिया देवी, बसंती देवी, बुधन राम डीलर के लाभुक रीना देवी, शेखर कुमार द्विवेदी, सुनीता देवी, अगस्त मेहता, लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह के लाभुक मेघनाथ साव, ईश्वरी देवी,  देवन्ति देवी, कमला देवी सहित अन्य के भी हस्ताक्षर हैं।