Update : ‘यास’ के 12 घंटों में गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने के संकेत, कई राज्‍यों में होगी भारी बारिश, चलेगी तेज हवा, अलर्ट जारी

देश नई दिल्ली मुख्य समाचार मौसम
Spread the love

नई दिल्‍ली।  पूर्व मध्य और निकटवर्ती मध्यपूर्व और उत्तर बंगाल की खाड़ी में गंभीर चक्रवाती तूफान ’यास‘ 17 किलो मीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा। आज 25 मई को सुबह दक्षिण-दक्षिण पूर्व पारादीप (ओडिशा) से 280 किलो मीटर, बालासोर (ओडिशा) से 380 किलो मीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व, दीघा(पश्चिम बंगाल) 370 किलो मीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और सागर द्वीप समूह (पश्चिम बंगाल) से 370 किलो मीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व में पश्चिम मध्य और निकटवर्ती पूर्वमध्य और उत्तर बंगाल की खाड़ी में केंद्रित हो गया।

 मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक अगले 12 घंटों में इसके उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ने और तीव्र होकर अति गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। यह उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ता रहेगा। तेज होगा और 26 मई को सुबह चांदबाली-धामरा बंदरगाह के बहुत नजदीक उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों के निकट उत्तरपश्चिम बंगाल की खाड़ी में पहुंचेगा। 26 मई को दोपहर अति गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में  धामरा के उत्तर और दक्षिण बालासोर के बहुत निकट पारादीप और सागर द्वीप के बीच ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों को पार करेगा।

वर्षा की स्थिति

ओडिशा : 26 मई को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा। जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, जाजपुर, भद्रक, बालासोर, मयूरभंज, कटक, ढेनकनाल, क्योंझर में कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा। पुरी, खुर्दा, अंगुल, देवगढ़, सुंदरगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा।

27 मई को उत्तर ओडिशा के भीतरी भागों में भारी वर्षा की चेतावनी।

पश्चिम बंगाल : 26 मई को मेदिनीपुर के कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा, झारग्राम, बांकुरा, दक्षिण 24 परगना के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और पुरुलिया, नादिया, मुर्शिदाबाद, पूर्व वर्धमान, हावड़ा, हुगली, कोलकाता, उत्तर 24 परगना, हल्दिया दार्जिलिंग, कलिम्पोंग जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा।

27 मई को झारग्राम,पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुरा, पुरुलिया, पश्चिम वर्धमान, बीरभूम, मालदा, दार्जिलिंग ,कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा।

झारखंड :  26 और 27 मई को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और अत्यधिक भारी वर्षा।

बिहार : 27 मई को अनेक स्थानों पर हल्की से सामान्य वर्षा और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, 28 मई को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा।

असम तथा मेघालय : 25 और 26 मई को अनेक स्थानों पर हल्की से सामान्य वर्षा और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा।

हवा की चेतावनी

26 मई की सुबह से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक सहित उत्तरओडिशा के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के तटों पर 155-165 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवा तेज होकर 185 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ेगी। 26 मई को दोपहर बाद से ओडिशा के बालासार जिला की ओर बढ़ेगी। 26 मई को सुबह से ओडिशा के मयूरभंज जिला में हवा की गति 120-130 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ कर 145 किलो मीटर प्रति घंटे हो जाएगी। इस अवधि में ओडिशा के पुरी, कटक, खुर्दा, जाजपुर तथा नयागढ़ जिलों में 80-90 किलो मीटर की गति से चलने वाली हवा रफ्तार पकड़ कर 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति पकड़ लेगी। गंजाम के पास और उससे दूर तथा उत्तर ओडिशा के शेष भीतरी भागों में 60-80 किलो मीटर प्रति घंटे की गति से चलने वाली हवा 90 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेगी।

26 मई की सुबह से ओडिशा के गंजाम, ढेनकनाल, तथा क्योंझर जिलों तथा पश्चिम बंगाल के बांकुरा, पुरुलिया, हावड़ा, हुगली, नादिया और वर्धमान जिलों में 60-80 किलो मीटर प्रति घंटे की गति से चलने वाली हवा तेज होकर 90 किलो मीटर प्रति घंटे की गति पकड़ लेगी। इसी अवधि में  ओडिशा के अंगुल, देवगढ़ तथा सुरेंद्रगढ़ जिलों तथा पश्चिम बंगाल के बीरभूम तथा मुर्शिदाबाद जिलों और आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम, विजयानगरम और विशाखापत्तनम जिलों में 50-60 किलो मीटर प्रति घंटेकी गति से चलने वाली हवा तेज होकर 70 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार ले लेगी।

26 मई को दोपहर से दक्षिण झारखंड में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने वाली हवा तेज होकर 60 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेगी। धीरे-धीरेदक्षिणपूर्व झारखंड में  90-120 किलो मीटर प्रति घंटे की गति से बढ़ कर 130 किलो मीटर प्रति घंटे हो जाएगी। 26 मई की शाम/ रात  को दक्षिणपूर्व झारखंड में हवा की गति 70-80 किलो मीटर प्रति घंटे की गति से बढ़ कर 90 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार ले लेगी।

27 मई को ओडिशा के केंद्रापाड़ा, भद्रक, बालासोर, क्योंझर, मयूरभंज, देवगढ़, सुंदरगढ़ जिलों तथा पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर, झारग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुरा और पुरुलिया जिलों में हवा 50-65 किलो मीटर प्रति घंटे की गति से 70 किलो मीटर प्रति घंटे की गति पकड़ लेगी।