अनोखी पहल : अब जिंदगी बचाएगी भूख मिटाने वाली संस्‍था

झारखंड सरोकार
Spread the love

धनबाद। अब तक संस्‍था के सदस्‍य लोगों की भूख मिटाते थे। अब जिंदगी बचाएंगे। कोरोना में हालात को देखते हुए रोटी बैंक यूथ क्लब ने ऑक्सीजन बैंक की शुरुआत की है। इसके माध्‍यम से जरूरतमंदों को 24 घंटे नि:शुल्क ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्‍ध कराने की पहल की है।

जानकारी हो कि धनबाद शहर में रोटी बैंक यूथ क्लब जरूरतमंदों के बीच निरंतर 365 दिन दो वक्‍त का भोजन उपलब्‍ध करा रहा है। यह काम पिछले तीन वर्षों से संस्‍था के सदस्‍य कर रहे हैं। कोविड-19 महामारी में ऑक्सीजन के लिए त्राहिमाम मचा हुआ है। इस विषम परिस्थिति को देखते हुए क्लब के अध्यक्ष रवि शेखर ने सदस्यों से विचार विमर्श कर कोरोना मरीजों के लिए 12 से 24 घंटे तक ऑक्सीजन उपलब्‍ध कराने की शुरुआत की।

अध्‍यक्ष ने कहा कि वर्तमान में ऑक्सीजन के लिए मरीज के परिवार वाले दर-दर भटक रहे हैं। ऑक्सीजन नहीं मिल पा रहा है। लोगों की जान चली जा रही है। जब-जब देश मे आपदा आई है, तब-तब क्लब के सदस्‍यों ने जरूरतमंदों को हर संभव मदद पहुंचाई है। चाहे वह बाढ़ पीड़ित की मदद हो या लॉकडाउन के दौरान प्रवासी मजदूर को घर तक पहुंचना हो। खून की जरूरत को पूरा करने में भी सदस्‍यों की अहम भूमिका रही है।

इसके मद्देनजर जरूरतमंदों को ऑक्‍सीजन उपलब्‍ध कराने का निर्णय लिया गया है। अब तक 30 लोगों को 12 से 24 घंटे के लिए ऑक्सीजन उपलब्‍ध कराई गई है। ये कार्य आगे भी जारी रहेगा। अध्यक्ष ने समाज के लोगों से मदद की अपील की। उन्‍होंने कहा कि लोगों की छोटी-छोटी मदद से ही कल्‍ब आपदा के दौरान लोगों को मदद पहुंचाता रहा है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में रोटी बैंक यूथ क्लब के शुभचिंतक और सदस्य दिन रात लगे हुए हैं।