आनंद कुमार सोनी
लोहरदगा। झारखंड के नागपुरी लोक गायक आलोक राज को सिल्वर बटन अवार्ड मिला है। यूट्यूब पर एक लाख से अधिक सब्सक्राइबर होने पर उसे यह सम्मान उन्हें दिया गया है। आलोक झारखंड के लोहरदगा जिले के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र पेशरार प्रखंड के दुन्दरु का रहने वाला है। उसके पिता बालमुकुंद लोहरा समाजसेवी हैं। माता का नाम देवकी देवी है। बेटे को अवार्ड मिलने से परिवार के लोग खुश हैं।
आलोक राज ने बताया कि गाना गाने की प्रेरणा उसे अपने मां-पिताजी से मिली। वे गांव में करमा जातिया में गाते थे। उसी को सुनकर गायक बनने की इच्छा हुई। आलोक तीन भाई बहन है। बड़े भाई अमर कुमार हैं। वही गाना लिखते हैं। छोटी बहन मालती है। आलोक ने लोक गायन के साथ-साथ नागपुरी, कुडुख, मुंडारी एलबम में अभिनय भी किया है। वह आरएसबी मल्टीमीडिया के नाम से रिकार्डिंग स्टूडियो चलाते हैं। यहां ग्रामीण कलाकारों को नि:शुल्क गाना गाने का मौका दिया जाता है, ताकि गांव की प्रतिभा को मंच मिल सके।
आलोक लोक कला को जीवंत रखने के उद्देश्य से लोकनाथ लोहरा कला जत्था के नाम से संस्कृति संस्था चलाते हैं। इससे जुड़कर गांव के युवा लोक गीत-संगीत लिखते और गाते हैं। नागपुरी, कुडुख, मुंडारी एल्बम बनाते हैं, जिससे उन्हें रोजगार मिलता है।
लोकनाथ लोहरा कला जत्था के माध्यम से सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से किया जाता है। आलोक का आलोक राज लोहरदगा के नाम से यूट्यूब चैनल है।