- खूंटी में ऑक्सीजन प्लांट का शुभारंभ किया
रांची। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा झारखंड के लिए 5000 ऑक्सीजन सिलिंडर की व्यवस्था कर रहे हैं। बहुत जल्द यह रियाद से झारखंड पहुंचेगा। मुंडा ने उपरोक्त घोषणा 9 मई, 21 को खूंटी में लगे नये ऑक्सीजन प्लांट के ऑनलाइन उद्घाटन के अवसर पर कही। देश में कोरोना महामारी से निपटने के लिए मुंडा दिल्ली से ही झारखंड के लिए यह व्यवस्था कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह राज्य के लिए कुछ और स्वास्थ्य उपकरण के लिए कोशिश कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने अपने लोकसभा क्षेत्र खूंटी में ऑक्सीजन की उपलब्धता ससमय सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से ऑक्सीजन प्लांट का शुभारंभ किया। कोरोना महामारी के समय झारखंड में ऑक्सीजन प्लांट लगानेवाला यह पहला जिला बना। रिकॉर्ड समय में प्लांट की स्थापना के लिए उन्होंने खूंटी जिला प्रशासन को बधाई दी। जिला मुख्यालय स्थित मातृ शिशु अस्पताल परिसर में ऑक्सीजन प्लांट लगाया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने अपने सांसद निधि से एमसीएच अस्पताल परिसर में ऑक्सीजन प्लांट का लगवाया है। ऑक्सीजन प्लांट की क्षमता 5 हजार लीटर प्रति घंटे है। इसके अधिष्ठापन से जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों का बेहतर चिकित्सीय उपचार सुनिश्चित हो सकेगा। अस्पताल में सभी ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड, 10 आईसीयू बेड व अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। मंत्री ने आशा जताई कि संक्रमित मरीजों को ससमय स्वास्थ्य लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक सफल कदम होगा।