कोरोना काल में हो रहे तनाव को कम करने के टिप्‍स दिये विशेषज्ञ ने

झारखंड
Spread the love

  • आईसीएआई की रांची शाखा ने वेबिनार का किया आयोजन

रांची। कोविड-19 संक्रमण काल ने हमें सिखाया है कि एक मनुष्य के लिए उसका स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी संपत्ति है। आज समाज में कोविड-19 महामारी के कारण हर तरफ से ज्यादा नि‍गेटिव समाचार ही प्राप्त हो रहे हैं। ऐसे समाचार हमारे मन में डर पैदा करते हैं, जो आगे चलकर स्ट्रेस या तनाव के रूप में बदल जाते हैं। यह हमारे स्वास्थ्य पर बहुत ही बुरा असर डालता है। उक्‍त बातें सीआईपी कांके के डॉ निशांत गोयल ने कही। वे 9 मई को ‘कैसे इस कोविड-19 संक्रमण काल में अपने मानसिक तनाव पर नियंत्रण करें’ विषयक बेविनार में बतौर मुख्‍य वक्‍ता बोल रहे थे। दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की रांची, जमशेदपुर और धनबाद शाखा के संयुक्त तत्वावधान में इसका आयोजन किया गया।  

डॉ गोयल ने कहा कि तनाव से बचने के लिए हमेशा सकारात्मक न्यूज देखना चाहिए। आज यदि इस महामारी के कारण तीन से चार हजार लोग रोज अपनी जान गंवा रहे है तो रोज इस महामारी से लड़कर तीन से सवा तीन लाख लोग बाहर भी आ रहे हैं। समाज और सरकार इस महामारी से लड़ने के लिए हर संभव काम कर रहे हैं। हम दूसरों की मदद, व्यायाम, योग, सही भोजन और सही निंद्रा द्वारा भी तनाव से बच सकते हैं। आज इस महामारी से लॉकडाउन के कारण हम एक छोटी जगह या अपने रूम तक में सीमित हैं। ऐसी सूरत में तनाव होता है। अपने बच्चों, परिवार के सदस्यों और मित्रों के साथ बातें करके, अच्छी पुस्तकें पढ़कर अपने आपको मानसिक तनाव से दूर रख सकते हैं। 

वेबिनार के मुख्य अतिथि और इंस्टिट्यूट के केंद्रीय परिषद् के सदस्य प्रमोद कुमार बूब ने कहा कि संस्‍थान ने महामारी को देखते हुए पूरे भारत में अपनी शाखाओं की मदद से कोविड टास्क फोर्स बनाकर लोगों को ऑक्सीजन, दवा और अन्य चीजें उपलब्ध करा रहा है। 

इंस्टिट्यूट की रांची शाखा के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने कहा कि इस महामारी के कारण हमने अपने काफी सदस्यों और उनके पारिवारिक सदस्यों को भी खो दिया है। ऐसी स्थिति में हमें अपने आपको संभालना आवश्यक है। एक-दूसरे से संपर्क में रहें, यह भी आवश्यक है।   उन्होंने बताया कि रांची शाखा अपने सदस्यों की मदद से कोविड-19 से जूझ रहे लोगों के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर, आरटीपीसीआर टेस्ट की व्यवस्था, मुफ्त में विशेषज्ञ डॉक्टर की सलाह, अस्पताल में बेड की व्यवस्था में मदद करने, दवा की व्यवस्था करने, प्लाज्‍मा और खून उपलब्‍ध कराने में मदद कर रहा है।

वेबिनार को धनबाद शाखा के अध्यक्ष प्रतीक गनेरीवाला और जमशेदपुर शाखा के अध्यक्ष विकास अग्रवाल ने भी संबोधित किया। सञ्चालन इंस्टिट्यूट की रांची शाखा की सीपीइ कमेटी की अध्यक्ष मनीषा बियानी और धन्यवाद रांची शाखा के सचिव प्रभात कुमार ने किया। वेबिनार के आयोजन में रांची, जमशेदपुर और धनबाद शाखा के पदधारी और कार्यकारिणी सदस्यों का योगदान रहा था।