झारखंड में कोरोना संक्रमण की अद्यतन स्थिति पर कल चर्चा करेंगे सीएम

झारखंड
Spread the love

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झारखंड में कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थित के बारे में जानकारी लेंगे। इस संबंध में 24 मई, 2021 (सोमवार) को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय से झारखंड के सभी कैबिनेट मंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चर्चा करेंगे। इस दौरान राज्य में कोरोना संक्रमण की अद्यतन स्थिति और संभावित तीसरे लहर की रोकथाम एवं नियंत्रण से संबंधित तैयारियों के संबंध में विचार-विमर्श करेंगे।

जानकारी हो कि स्‍वास्‍थ्‍य सुरक्षा सप्‍ताह लागू करने के बाद राज्‍य में कोरोना की रफ्तार धीमी पड़ती जा रही है। नये मामले में गिरावट दर्ज की जा रही है। शनिवार को पूरे झारखंड में 2037 नए पॉजिटिव मामले मिले थे। राजधानी रांची से 210 पॉजिटिव मामले मिले। 41 संक्रमितों की मृत्यु हो गई। नये मामले मिलने के साथ ही झारखंड में 329072 पॉजिटिव मामले और 22566 सक्रिय मामले हो गये थे। इलाज के बाद 301705 लोग ठीक हो चुके हैं और 4801 लोगों की मौत हो चुकी है।