प्रवासी मजदूरों के लिए खेलगांव में तैयार किया गया क्‍वारंटाइन सेंटर

झारखंड
Spread the love

रांची। प्रवासी मजदूरों के लिए रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत स्टेडियम में क्‍वारंटाइन सेंटर तैयार किया गया है। रांची उपायुक्त छवि रंजन ने 7 मई को सेंटर का निरीक्षण किया।

उपायुक्त द्वारा सेंटर में बेड के रखरखाव, साफ-सफाई सहित मूलभूत सुविधाओं की जांच की गई। साथ ही प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों से उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उपायुक्त द्वारा क्वॉरेंटाइन सेंटर में उपलब्ध संसाधनों के अलावा प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों की रोस्टर ड्यूटी के संबंध में भी जानकारी ली गयी।

उपायुक्त ने सेंटर में स्वास्थ्य सुविधा के साथ भोजन, जलपान, पेयजल एवं बिजली की व्यवस्था भी 24×7 दुरूस्त रखने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रवासी मज़दूरों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

उपायुक्त सेंटर में रहने वाले लोगों को कोरोना से संबंधित समुचित जानकारी देकर जागरूक करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को मास्क पहनने एवं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए जागरूक करें। इस दौरान उप विकास आयुक्त रांची विशाल सागर, अनुमंडल पदाधिकारी रांची सदर उत्कर्ष गुप्ता, परिक्ष्यमान आईएएस एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारी उपस्थित थे।

खेलगांव में बनाए गए क्‍वारंटाइन सेंटर में प्रवासी मजदूरों के खानपान एवं रहने आदि से संबंधित व्यवस्था के साथ-साथ रैपिड एंटीजन टेस्ट की भी व्यवस्था की गई है। इसके वरीय प्रभार में सहायक जिला खनन पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त किया गया है।

सेंटर में तीन शिफ्ट में दंडाधिकारी और सहयोगी कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। आरपी साहू, कनीय अभियंता भवन निर्माण प्रमंडल संख्या 1, धर्मेंद्र कुमार, कनीय अभियंता भवन निर्माण प्रमंडल संख्या 2 और अनिल, कनीय अभियंता भवन निर्माण प्रमंडल संख्या 2 की प्रतिनियुक्ति की गई है।