डबल मर्डर केस में महिलाएं भी शामिल, पुलिस ने 15 घंटे में सुलझाया मामला

अपराध झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के उगरा गांव डबल मर्डर केस में महिलाएं भी शामिल थी। पुलिस ने 15 घंटे में मामले को सुलझा लिया। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक प्रियंका मीना ने बताया कि इस वीभत्स घटना को अंजाम देने वाले आरोपी गांव के ही हैं। दोनों के बीच जमीन विवाद का मामला था।

पुलिस अधीक्षक ने घटना को सुलझाने के लिए पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में एक टीम गठित की। इसमें सेन्हा थाना के पुलिस निरीक्षक सरयू आनंद, पुलिस अवर निरीक्षक धीरज कुमार मिश्रा, सहायक अवर निरीक्षक रमेश कुमार तिवारी, श्रीकांत दास, गोवर्धन तुरी एवं सशस्त्र बल सम्मिलित थे। टीम ने घटना के 15 घंटे के अंदर चारों अभियुक्तों को छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। उन्‍हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।  उनके पास खून लगा हुआ टांगी बरामद हुआ, जिससे हत्या की गई थी।

हत्या में संलिप्त जमाल अंसारी एवं कमाल अंसारी एवं महिला आरोपी की पहचान कुर्चियां बेगम एवं मारूफा खातून के रूप में हुई है। इन चारों ने मिलकर पिता कुर्बान अंसारी एवं पुत्र नौशाद अंसारी की हत्या की। पुत्री रूबाना खातून को जख्मी कर दिया था। पिता-पुत्र पुत्री को लेकर डॉक्टर के पास इलाज कराने के लिए गए थे। वापस आने के क्रम में ग्राम उगरा स्थित पुलिया के पास इन लोगों को रोक लिया गया। आरोपियों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया था।