गंगा में गिरी पिकअप वैन, अब तक आठ शव बरामद

देश बिहार मुख्य समाचार
Spread the love

पटना। पटना के दानापुर में शुक्रवार की सुबह बड़ा हादसा हुआ। दानापुर के पीपा पुल से एक सवारी गाड़ी गंगा नदी में समा गई। फिलहाल आठ शवों को बरामद किया गया है। बाकी लोगों की तलाश जारी है। वैन में 25 लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक बचाव दल मौके पर पहुंच राहत और बचाव कार्य में जुट गया है।

बताया जा रहा है कि पिकअप सवार एक तिलक समारोह से लौट रहे थे। दानापुर के पीपा पुल पर पिकअप अपना संतुलन खो बैठी और गंगा नदी में गिर गई। घटना के बाद आस-पास के गांव के लोग जुट गए। ग्रामीणों की मदद से आठ शव को बरामद किया जा चुका है। बाकी की तलाश जारी है।

गोताखोरों की भी मदद ली जा रही है। मृतकों में 75 वर्षीय रमाकांत सिंह, 60 वर्षीय गीता देवी, 50 वर्षीय अरविंद सिंह, 65 वर्षीय सरोजा देवी, आठ वर्षीय आशीष, 75 वर्षीय अनुराधा देवी, 12 वर्षीय एक बच्चा और 14 वर्षीय एक बच्ची शामिल है। बाकी लोगों की तलाश की जा रही है। इसके साथ ही पिकअप को बाहर निकालने की कोशिश भी की जा रही है।