ब्राजील में मिला कोरोना का नया वैरिएंट, वैक्सीन का हो रहा कम असर

दुनिया
Spread the love

ब्राजील। पूरे विश्व का सिरदर्द बना कोरोना नए वैरिएंट में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहा है। अब ब्राजील में कोरोना वायरस का नया वैरिएंट मिला है। यह बहुत तेजी से लोगों को संक्रमित कर रहा है। इसपर नई वैक्सीन का कम असर हो रहा है। इसकी वजह से ब्राजील के वैज्ञानिक परेशान हैं।

कोरोना के नये वैरिएंट के बारे में बताया जा रहा है कि यह दक्षिण अफ्रीका में मिले कोरोना स्ट्रेन से मिलता-जुलता है। साओ-पाउलो स्थित ब्यूटेनटेन बायोमेडिकल इंस्टीट्यूट के प्रमुख डिमास कोवास ने यह दावा किया है। डिमास का कहना है कि ब्राजील में दक्षिण अफ्रीका के वैरिएंट जैसा कोरोना स्ट्रेन विकसित हो गया है। ये काफी खतरनाक है।

डिमास कोवास ने ब्राजील में एक दिन में रिकॉर्ड 3780 लोगों के मरने के एक दिन बाद कहा कि ये वैरिएंट ब्राजील में ही पैदा हुआ है। यह दक्षिण अफ्रीका के स्ट्रेन से मिलता है, लेकिन इसकी ट्रेवल हिस्ट्री दक्षिण अफ्रीका से नहीं मिलती। इसलिए ब्राजील के वैज्ञानिक इसे लेकर परेशान हैं।

दक्षिण अफ्रीका के वैरिएंट ने दुनियाभर के वैज्ञानिकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों को चिंता में डाल दिया था। क्योंकि वह बेहद संक्रामक और खतरनाक है। उस पर नई वैक्सीन का असर भी कम हो रहा था। ब्राजील भी अपने देश में विकसित कोरोना वायरस वैरिएंट से परेशान है। इस वैरिएंट का नाम P1 है। यह बहुत तेजी से लोगों को संक्रमित कर रहा है। इसकी वजह से ही 2 दिन पहले ब्राजील में रिकॉर्ड मौतें दर्ज की गई हैं।