आनंद कुमार सोनी
लोहरदगा। आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष सह लोहरदगा के पूर्व विधायक कमल किशोर भगत ने ग्रामीणों की शिकायत के बाद बन रहे फुलझर नाला का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में व्यापक भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाया। इस मामले में मुख्यमंत्री और अभियंता प्रमुख से बात कर योजना की जांच कराने की मांग करने की बात कही।
फुलझर डैम में 7 से 65 किलोमीटर लंबा नाला (नहर) का निर्माण हो रहा है। इसपर 11 करोड़ 7 लाख खर्च हो रहा है। ग्रामीणों ने पूर्व विधायक से निर्माण कार्य को लेकर शिकायत की थी। उनसे इसे देखने का आग्रह किया था। इसके बाद आजसू कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व विधायक कार्यस्थल पर पहुंचे। निरीक्षण करने के बाद उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता बिल्कुल घटिया स्तर की है। विधायक रहने के दौरान बिशुनपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों के आग्रह पर मैंने तत्कालीन मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी से मिलकर इस महत्वपूर्ण योजना की स्वीकृति दिलाई थी।
यह काम छत्तीसगढ़ की कंपनी ठेका मेसर्स विजय कुमार सिंह को मिला है। पूर्व विधायक ने कहा कि लगातार ग्रामीणों से मिल रही शिकायतों के बाद योजना स्थल पहुंच कर निर्माण कार्य को देखा तो दंग रह गया। नहर के दोनों तरफ की दीवार फटी हुई है। मरम्मत कर लीपापोती की गयी है। निम्न स्तर का सीमेंट और मरे पत्थर की गिट्टी का प्रयोग किया जा रहा है। सीमेंट एवं गिट्टी की मात्रा भी सही नहीं है। बालू की मात्रा अधिक है। पानी भी ठीक से नहीं पटाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि इस योजना में सिर्फ पुरूष मजदूरों से काम कराया जा रहा है। महिला मजदूरों की उपेक्षा की जा रही है। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक (11 घंटे) काम कराकर मात्र 300 रुपये दिया जाता है। भगत ने कहा कि इतना घटिया काम और ठेकेदार की मनमानी नहीं चलने दी जाएगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री और अभियंता प्रमुख से बात कर योजना की जांच कराई जाएगी। इस भ्रष्टाचार के खिलाफ अगर सरकार कार्रवाई नहीं करेगी, तो आजसू पार्टी सड़क पर उतरकर जोरदार आंदोलन करने को बाध्य होगी। मौके पर जिला प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी रामचंद्र गिरि, अरविंद यादव, किस्को प्रभारी संजु सिंह के साथ ग्रामीण उपस्थित थे।