झारखंड की राजधानी में कारोबारी से 1.25 करोड़ की लूट

अपराध झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में अपराधियों ने कारोबारी से 1.25 करोड़ रुपये लूट लिये। घटना रांची के जगन्नाथपुर इलाके में सोमवार की सुबह हुई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर वरीय पुलिस अधिकारी पहुंच कर मामले की छानबीन में जुटे हुए हैं।

जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के ओबरिया रोड में खूंटी के व्याापारी निकेश मिश्रा से रुपये लूटे। अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया। व्यवसायी सुबह अपने कार में 3 लोगों के साथ 1 करोड़ 25 लाख रुपया लेकर किसी महाजन के यहां जमा करने जा रहे थे। जैसे ही वह अपने घर की गली से कार से निकले, ओबरिया रोड में तीन अपराधियों ने रिवाल्वर की नोक पर कार को रुकवाया। सभी लोगों की कनपटी पर रिवाल्वर सटाकर रुपयों से भरा बैग लेकर भाग गए।

कारोबारी निकेश मिश्रा खूंटी के रहने वाले हैं। उनका रांची और खूंटी में कारोबार है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुटी है। सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है।