वृंदावन कुंभ: शाही अंदाज में निकली शोभायात्रा, तीन अनी और 18 अखाड़ों के संतों-महंतों ने किया दूसरा शाही स्नान

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

मथुरा। वृंदावन कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक का दूसरा शाही स्नान मंगलवार को हुआ। इसमें तीन अनी और 18 अखाड़ों के श्रीमहंत एवं महामण्डलेश्वरों, खालसाओं के महंतों ने भी यमुना के शाही घाट पर स्नान किया। इससे पहले राजशाही अंदाज में श्रीमहंतों ने शाही पेशवाई निकाली। 

मंगलवार प्रातः शाही पेशवाई नगर भ्रमण के लिए धूमधाम के साथ शुरू हुई। इसमें सबसे आगे वीर ध्वजों को लेकर अखाड़ों के संत पूरे जोश के साथ चल रहे थे। उनके पीछे-पीछे तीन अनी के श्रीमहंत धर्मदास महाराज, महंत राजेन्द्र दास महाराज एवं महंत किशन दास महाराज चांदी के छत्र लगाकर सजी-धजी बग्गियों पर विराजित थे। इनके अलावा तीन अनी के 18 अखाड़ों के श्रीमहंत, महामण्डलेश्वर, खालसाओं के महंत एवं बड़ी संख्या में संत एवं वैष्णव जन चल रहे थे।

पेशवाई के मध्य में अखाड़ों के खिलाड़ी संत बनैटी, तलवार, फिरकी, लाठियों से युद्ध कौशल का परिचय दे रहे थे और यह आभास करा रहे कि धर्म की रक्षा के लिए वह शस्त्र भी चलाना जानते हैं। धर्म को चोट का प्रयास करने वालों को वह सबक भी सिखा सकते हैं। वहीं सवारी में सजे-धजे घोड़े और ऊंट भी पेशवाई की शोभा बढ़ा रहे थे। भक्ति संगीत की धुनों पर वैष्णवजनों ने नृत्य किया। नगर भ्रमण करने के पश्चात शाही पेशवाई पुनः कुंभ क्षेत्र में पहुंची। यमुना के शाही स्नान घाट पर तीन अनी और अखाड़ों के श्रीमहंतों ने धर्म निशानों को स्नान कराया और मंत्रोच्चारों के मध्य पूजन किया। इसके पश्चात श्रीमहंतों, महामण्डलेश्वरों एवं संतों ने शाही स्नान किया जबकि शाही स्नान घाट के दोनों ओर बने अस्थाई घाटों पर वैष्णवजनों एवं देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने यमुना में स्नान किया। 

शाही स्नान से पहले जबरदस्त भीड़ से लगा जाम, एसएसपी ने स्वयं संभाली कमान 
मंगलवार को दूसरे शाही स्नान से पहले शहर में निकाली गई शोभायात्रा के कारण परिक्रमा मार्ग समेत शहर की अन्य सड़कों पर जबरदस्त भीड़ उमड़ी। इससे जाम की स्थिति बन गई। इसके चलते बाहर से आने वाले वाहनों को पुलिस ने रोक दिया। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर वृंदावन कुंभ मेले के शाही स्नान दौरान खुद ही यातायात व्यवस्था संभालने में जुटे हैं। कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक के द्वार पर संतों की शाही पेशवाई में एंबुलेंस फंस गई। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह एंबुलेंस को निकलवाया।