राम चरण के जन्मदिन से पहले ‘आरआरआर’ के मेकर्स ने जारी किया फिल्म से अभिनेता का नया लुक

मनोरंजन
Spread the love

एसएस राजामौली निर्देशित फिल्म ‘आरआरआर’ लम्बे समय से चर्चा में है। फिल्म में जूनियर एनटीआर, राम चरण,अजय देवगन और आलिया भट्ट मुख्य भूमिका में है। फिल्म में आलिया भट्ट सीता के किरदार में नजर आयेंगी,जबकि  जूनियर  एनटीआर कोमाराम भीम और राम चरण अल्लूरी सीतारामाराजू के किरदार में नजर आएंगे। हाल ही में फिल्म से सीता के किरदार में अभिनेत्री आलिया भट्ट का फर्स्ट लुक जारी करने के बाद, मेकर्स ने सुपरस्टार राम चरण के जन्मदिन के ठीक एक दिन पहले फिल्म से उनका नया लुक जारी किया है।फिल्म के निर्देशक एसएस राजामौली ने फिल्म से राम चरण नए लुक को सोशल मीडिया पर साझा किया है।

फिल्म के इस नए लुक में अभिनेता  एक निपुण धर्नुधर के अवतार में नजर आ रहे हैं। राम चरण के हाथों में धनुष है, जिससे वो आसमान की तरफ  निशाना लगाते दिख रहे हैं। राम चरण का ये दमदार अवतार फैंस को काफी पसंद आ रहा हैं। आरआरआर’ एक पीरियड ड्रामा फिल्म है। फिल्म के नाम का फुल फॉर्म है राइज यानी उदय,रोर यानी दहाड़ना और रिवोल्ट यानी बगावत। लम्बे समय से चर्चा में बनी हुई इस फिल्म का फैंस बेसब्री से इन्तजार कर रहे हैं।

फिल्म ‘आरआरआर’ की कहानी प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी कोमाराम भीम और अल्लूरी सीतारामाराजू के युवा दिनों के एक काल्पनिक वर्णन पर आधारित है। इन दोनों स्वतंत्रता सेनानियों ने ब्रिटिश के साथ हैदराबाद के निजाम के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। फिल्म के अन्य कलाकारों में अंतर्राष्ट्रीय अभिनेता रे स्टीवेन्सन, एलिसन डूडी और ओलिविया मॉरिस भी शामिल हैं। डीवीवी दानय्या द्वारा डीवीवी एंटरटेनमेंट के तहत निर्मित और एसएस राजामौली द्वारा निर्देशित ‘आरआरआर’ इसी साल 13 अक्टूबर को  दुनिया भर में एक साथ दस भाषाओं में रिलीज होगी।