राज्यपाल से मिले मुंबई पुलिस आयुक्त हेमंत नगराले

देश मुख्य समाचार मुंबई
Spread the love

मुंबई। मुंबई के पुलिस आयुक्त हेमंत नगराले सोमवार को राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी से मिले। राज्यपाल ने हेमंत नगराले को उनके कार्यकाल के लिए शुभकामना दी। हालांकि हेमंत नगराले के राज्यपाल से मिलने को लेकर राजनीतिक हलके में चर्चा गरमा गई है। जानकारी के अनुसार उद्योगपति मुकेश अंबानी के बंगले के पास जिलेटिन छड़ों से भरी स्कार्पियो की बरामदगी मामले में पुलिस अधिकारी सचिन वाझे को गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद तत्कालीन पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह को मुंबई पुलिस आयुक्त पद से हटा दिया गया और हेमंत नगराले को मुंबई का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया। इसी वजह से आज पुलिस आयुक्त हेमंत नगराले राज्यपाल से मिले थे। 

हालांकि चर्चा है कि मुंबई पुलिस आयुक्त पद से हटाए जाने के बाद परमबीर सिंह ने राज्य के गृहमंत्री अनिल देशमुख पर 100 करोड़ रुपये प्रति माह वसूलने का आदेश पुलिस अधिकारियों को देने का आरोप लगाते हुए एक पत्र मुख्यमंत्री के पास भेजा था। इसके बाद विपक्ष ने गृहमंत्री का इस्तीफा मांगना शुरू कर दिया है। वंचित बहुजन आघाड़ी के अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर ने राज्यपाल से राज्य की स्थिति की जानकारी केंद्र को भेजने और राष्ट्रपति शासन लगाने की सिफारिश करने की मांग की है। राजनीतिक हलके में यह भी चर्चा है कि राज्यपाल कोश्यारी ने हेमंत नगराले को बुलाकर इस मामले की पूरी जानकारी ली है।