फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, 9 महीने पहले हुई थी शादी

अपराध झारखंड
Spread the love

गिरिडीह। जिले के हिरोडीह थाना क्षेत्र के ग्राम शाली बदडीहा में एक विवाहिता का शव फंदे से झूलता मिला है। घटना की सूचना पर हिरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दिया। मृतका मितनी देवी की पुत्री उषा देवी थी।

दामाद सहित 11 पर हत्या का आरोप

मृति‍का के मायके वालों ने ससुरालियों पर अपनी बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। मृति‍का उषा की मां ने हिरोडीह थाने में लिखित आवेदन देकर दामाद, सास, ससुर समेत 11 लोगों पर अपनी बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।

जून 2020 में हुई थी शादी

आवेदन में मृतका की मां ने कहा कि उन्होंने सामर्थ्य के अनुसार दहेज देकर 14 जून, 2020 को अपनी बेटी उषा की शादी शाली बदडीहा निवासी किरानी महतो के पुत्र सतीश कुमार वर्मा से की थी। शादी के करीब एक महीने तक सब कुछ सामान्य था। मगर एक महीने के बाद से दहेज में अपाची बाइक दिए जाने की मांग की जाने लगी। वहीं उनकी बेटी को मारपीट कर प्रताड़ित किये जाने लगा। इस संदर्भ में मौखिक रूप से कई बार पंचायत भी किया गया। मगर पंचायत के दो-चार दिन बाद फिर ससुराल वाले प्रताड़ित करना शुरू कर देते थे।

गर्भपात कराने के लिए दबाव

मृतिका की मां ने कहा कि इस बीच उनकी बेटी गर्भवती हो गई। 22 मार्च को बेटी के ससुर किरानी महतो ने उसके गर्भ की जांच करायी तो गर्भ में बेटी होने की जानकारी मिली। इसके बाद ससुराल वाले उसपर गर्भपात का दवाब बनाने लगे। 28 मार्च को इसकी जानकारी उन्हें दी गई। होली के कारण मृतका की मां कल नहीं जा सकी। इस दौरान मंगलवार की सुबह उन्हें बेटी का शव फंदे से लटके रहने की जानकारी मिली। मृतका की मां ने पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन पर जांच की जा रही

इस मामले में इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि यह हत्या है या आत्महत्या। दिए गए आवेदन पर जांच की जा रही है।