Jharkhand : फ‍िर बदलेगा मौसम, लगातार तीन दिन बारिश और वज्रपात के संकेत

झारखंड मौसम
Spread the love

रांची। झारखंड के विभिन्न जिलों में लगातार तीन दिन बारिश हो सकती है। वज्रपात की आशंका भी है। अगले 2 से 3 दिनों के दौरान दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की उम्‍मीद नहीं है। इसके बाद तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। यह जानकारी रांची एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र ने 16 मार्च को जारी बुलेटिन में दी है।

केंद्र के मुताबिक 17 और 18 मार्च को मौसम शुष्‍क रहेगा। आसमान साफ रहेगा। 19 मार्च को मौसम शुष्‍क रहेगा। आंशिक बादल छाये रहेंगे। 20 से 22 मार्च तक आकाश में बादल छाये रहेंगे। कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्‍की बारिश होने की संभावना है।

20 मार्च को राज्य के उत्तर-पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिम और मध्य भागों में आंशिक बादल छाये रहेंगे। मेघ गर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं वज्रपात होने की भी आशंका है। इसका असर पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ आदि जिलों पड़ सकता है।

केंद्र के मुताबिक 21 और 22 मार्च को राज्य में आंशिक बादल छाये रहेंगे। मेघ गर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्‍की बारिश होने की संभावना है।

पिछले 24 घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा। अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस डालटनगंज में दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान बोकारो में 15.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। जमशेदपुर, डालटनगंज, बोकारो, चाईबासा, पाकुड़, साहेबगंज में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।