Jharkhand : मकान में विस्‍फोट, नवजात सहित चार लोगों की मौत

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

गिरिडीह। एक मकान में विस्‍फोट होने से एक माह के नवजात सहित चार लोगों की मौत हो गई। मृतक एक ही परिवार के हैं। इस घटना में गृह स्‍वामी बाल-बाल बच गये। विस्फोट की जानकारी के बाद पहुंची पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला सिलेंडर विस्फोट का सामने आ रहा है। हालांकि पुलिस घटना की जांच कर रही है। गिरिडीह के एसपी अमित रेणु के मुताबिक घटना की जांच के बाद ही विस्फोट की वजह का पता चल पाएगा।

घटना झारखंड के गिरिडीह जिले के तीसरी थाना क्षेत्र के खिड़किया मोड़ स्थित घर में हुआ। विस्फोट में 4 की मृत्यु हो गई और एक घायल हो गया। मृतकों में 55 वर्षीय भुखली देवी, उसकी 30 वर्षीय बहू सुनीता देवी, सुनीता देवी के पांच साल का पुत्र अंकित कुमार एवं एक माह का नवजात पुत्र शामिल है। गृह स्वामी बुधन राय इस हादसे में बाल-बाल बच गये।

लोगों के मुताबिक विस्फोट इतना भयानक था कि पूरा घर मलबे में तब्दील हो गया है। शनिवार की देर करीब 10 बजे रात बुधन राय के परिवार के लोग खाना खाकर सोने चले गए थे। इसके बाद अचानक घर में रखे गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि परिवार के लोग मलबे के नीचे दब गए। पुलिस ने विस्फोट की वजह से 4 लोगों के मौत की पुष्टि की।

बताया जाता है कि बुधन राय माइका की खदान में काम करता है। वह खदान के लिए विस्फोटक पदार्थों की सप्लाई करता है। पुलिस का मानना है कि संभवतः घर में विस्फोटक रखे जाने की वजह से हादसा हुआ हो। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस बारे में कुछ कहा जा सकता है।