Jharkhand : बदलने वाला है मौसम का मिजाज, बारिश होने के आसार

झारखंड मौसम
Spread the love

रांची। झारखंड में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। बारिश होने की उम्मीद भी है। यह जानकारी रांची एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र ने 5 मार्च को जारी बुलेटिन में दी है। हवा के रूख से मौसम में बदलाव की संभावना भी है।

मौसम केंद्र के मुताबिक अगले दो दिनों के दौरान दिन और रात के तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। 6 और 7 मार्च को मौसम शुष्क रहेगा। आसामान साफ रहेगा।

8 मार्च को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां जिले में दो या शाम के समय आंशिक बादल छाये रहने की संभावना है। राज्य के बाकी हिस्सों में आसमान मुख्यमत: साफ रहेगा।

केंद्र के मुताबिक 9 मार्च को आंशिक बादल के साथ गर्जन वाले बादल भी बन सकते हैं। 10 और 11 मार्च को राज्य में आंशिक बादल छाये रहेंगे। मेघ गर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है।

बीते 24 घंटे में राज्य में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। सबसे अधिक 36.3 डिग्री सेल्सियस तापमान जमशेदपुर सिटी का दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान बोकारो में 13.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। राज्य के विभिन्न शहरों का अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।