रामगढ़। एक बाप ने अपनी बेटी का जीते जी अंतिम संस्कार कर दिया। लड़की के करतूत से आहत बाप ने यह कदम उठाया। उसने लड़की के पुतले का अंतिम संस्कार किया। इस दौरान पूरा विधि-विधान भी किया।
यह मामला झारखंड के रामगढ़ जिले के रजप्पपा के चितरपुर का है। यहां अपनी ही बेटी की घिनौनी करतूत से शर्मसार एक पिता ने जीते जी उसका अंतिम संस्कार कर दिया। पिता ने बेटी का एक पुतला बनाया। श्मशान घाट में विधि-विधान के साथ उसकी चिता सजाकर जलाई। लड़की के पिता ने सिर भी मुड़ाया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक यहां युवती ने भागकर अपने ही चचेरे भाई से शादी कर ली। चचेरे भाई-बहन की शादी की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। इस युवती की शादी तय कर दी गई थी। तिलक समारोह होने वाला था। इस बीच लड़की भाग गई। परिजनों ने दोनों को घर परिवार से हमेशा के लिए अलग कर दिया।