नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनु साहनी इस्तीफा दे सकते हैं। अभी उनका कार्यकाल बचा हुआ है। हालांकि उन्हें छुट्टी पर भेज दिया गया है।
ऑडिट फर्म प्राइस वाटर हाउस कूपर्स की आंतरिक जांच में उनका आचरण जांच के दायरे में आया। इसे लेकर उन्हें छु्ट्टी पर भेजा गया है। ऐसा कयास लगाया जा रहा है कि अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले वे इस्तीफा दे सकते हैं।
श्री साहनी को आईसीसी विश्व कप 2019 के बाद डेव रिचर्डसन की जगह 2022 तक सीईओ बनाया गया था। पता चला है कि नीतियों के संदर्भ में विभिन्न फैसलों को लेकर कुछ प्रभावी क्रिकेट बोर्ड के साथ उनके रिश्ते अच्छे नहीं हैं।
कथित रूप से साथी कर्मचारियों के साथ कठोर बर्ताव के कारण वह समीक्षा के दायरे में आए हैं। आईसीसी बोर्ड के करीबी एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर एक समाचार एजेंसी को बताया कि उनके कठोर बर्ताव को लेकर आईसीसी के कई कर्मचारियों ने प्रमाण दिए हैं। यह कर्मचारियों के मनोबल के लिए अच्छा नहीं है।