लोकसभा में गतिरोध खत्म, पेश किए गए पांच विधेयक

देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्ली। लोकसभा में जारी गतिरोध समाप्त हो गया है और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने लगी है। सोमवार को सदन में पांच प्रमुख विधेयक पेश किए गए। लोकसभा में सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे कार्यवाही शुरू हुई। प्रश्नकाल की कार्यवाही निर्बाध ढ़ंग से चली। प्रश्नकाल के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने महत्वपूर्ण विधेयक सदन के पटल पर रखने की कार्यवाही पूरी कराई। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (संशोधन) विधेयक- 2021 समेत पांच विधेयक सदन के पटल पर रखे गए।

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी. किशन रेड्डी ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (संशोधन) विधेयक-2021 पेश किया। रसायन एवं उर्वरक मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा ने राष्ट्रीय औषधि शास्त्र शिक्षा एवं अनुसंधान (संशोधन) विधेयक-2021, प्रह्लाद जोशी ने खान एवं खनिज (विकास एवं नियमन) संशोधन विधेयक-2021 सदन में पेश किया। कांग्रेस के शशि थरूर ने इस विधेयक का तकनीकी आधार पर विरोध किया, जिसे लोकसभा अध्यक्ष ने खारिज कर दिया।वहीं, पोत परिवहन मंत्री मनसुख मांडविया ने नौवहन में समुद्री सहायता विधेयक-2021 सदन में प्रस्तुत किया। जबकि महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने बाल न्याय (बच्चों की देखभाल व सुरक्षा) संशोधन विधेयक-2021 सदन के पटल पर रखा। तत्पश्चात् सदन में वर्ष 2020-21 के लिए रेल मंत्रालय के नियंत्रणाधीन विनियोग मांगों पर चर्चा आगे बढ़ाई गई। भाजपा के रामकृपाल यादव ने इस चर्चा को आगे बढ़ाया।