जलवायु के अनुकूल खेती करने का सुझाव दिया डीएम ने

बिहार
Spread the love

नंदकिशोर दास

बेगूसराय। जिला पदाधिकारी (डीएम) अरविंद कुमार वर्मा ने जलवायु के अनुकूल खेती करने पर जोर दिया। उन्‍होंने परंपरागत सिंचाई की पद्धति में परिवर्तन करने और जैविक खेती को बढ़ावा दिये जाने की भी जरूरत बताई। उक्‍त सुझाव उन्‍होंने मंगलवार को कारगिल विजय भवन में जल जीवन हरियाली अभियान को लेकर आयोजित परिचर्चा में दिये। इसमें ‘वैकल्पिक फसलों, टपकन सिंचाई, जैविक खेती एवं अन्य नई तकनीकों के उपयोग’ विषय पर चर्चा की गई।

इससे पूर्व पटना बामेति सभागार में इस विषय पर आयोजित परिचर्चा कार्यक्रम की लाइव वेबकास्ट भी की गयी। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष रविंद्र चौधरी, उप विकास आयुक्त सुशांत कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मंजू प्रसाद, जिला कृषि पदाधिकारी शैलेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी रजनीकांत प्रवीण, ओएसडी सच्चिदानंद सुमन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी भुवन कुमार, प्रभारी पदाधिकारी विधि शाखा संजीत कुमार सहित कृषि विभाग के पदाधिकारी एवं प्रगतिशील किसान मौजूद थे।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि परिचर्चा का मुख्य उद्देश्‍य किसानों को परंपरागत कृषि पद्धति विशेष तौर पर सिंचाई की पद्धति में व्यापक परिवर्तन के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम में हो रहे बदलावों के मद्देनजर सिर्फ जलवायु अनुकूल कृषि को अपनाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कृषि कार्य में आवश्यकता से अधिक पानी और रासायनिक उर्वरकों के उपयोग ने कृषि भूमि की उत्पादकता पर नकारात्मक प्रभाव डाला है।