सीएचसी में ब्‍लड स्टोरेज रूम तैयार, छह माह से उद्घाटनकर्ता का इंतजार

झारखंड मुख्य समाचार सेहत
Spread the love

  • खून के आभाव में आये दिन हो रही है मौत

लातेहार। जिले के चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एसीयुक्त ब्‍लड स्टोरेज रूम बनकर तैयार है। स्टोरेज के सभी उपकरण उपलब्ध हैं। चिकित्सक और कर्मी की नियुक्ति भी कर दी गई है। अब उदघाटन के लिए बीते छह माह से किसी रहनुमा का इंतजार हो रहा है। आम लोगों के लिए यह इंतजार भारी पड़ रहा है। खून के आभाव में लोगों की जान लगातार जा रही है। माकपा के वरिष्ठ नेता सह सामाजिक कार्यकर्ता अयुब खान ने इसका शीघ्र उद्घाटन करने की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई राशि से ब्‍लड स्‍टोरेज रूम बनकर तैयार है। छह माह बाद भी इसे चालू नहीं किया गया है। किसी उद्घाटनकर्ता का इंतजार हो रहा है। प्रखंड क्षेत्र दुर्घटना जोन है। यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। खून के अभाव में मरीजों को लातेहार और रांची का चक्कर लगाना पड़ता है। इससे कई बार उनकी जान चली जाती है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने छह माह पूर्व यहां ब्लड स्टोरेज के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध करायी है।

स्‍थानीय लोगों के मुताबिक यहां ब्लड स्टोरेज चालू होने पर चंदवा के अलावा बालूमाथ, बारीयातु और हेरहंज प्रखंडवासियों को भी फायदा होगा। जिला प्रशासन ने ब्लड स्टोरेज चालू करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारियों से कई बार पत्राचार भी किया। हालांकि परिणाम अभी तक शून्य है।

खान ने कहा कि प्राईवेट अस्पतालों का रजिस्ट्रेशन तत्काल स्वास्थ्य विभाग कर रहा है। हालांकि जिला प्रशासन के निर्देश बाद भी सीएचसी में ब्लड स्टोरेज का उदघाटन नहीं किया जा रहा है। इसपर स्वास्थ्य विभाग चुप्‍पी साधे हुए है। उन्‍होंने स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, उपायुक्त अबु इमरान और प्रखंड विकास पदाधिकारी गणेश रजक से ब्लड स्टोरेज का उदघाटन शीघ्र कराने की मांग की है।