ट्रांसपोर्टर 26 फरवरी को नहीं करेंगे माल की बुकिंग एवं डिलीवरी

झारखंड
Spread the love

रांची। जीएसटी E WAY BILL की नई व्यवस्था और डीजल के दाम में हो रही वृद्धि के विरोध में 26 फरवरी, 2021 को रांची के सभी ट्रांसपोर्टर कार्यालय के साथ माल की बुकिंग एवं डिलीवरी का कार्य बंद रखेंगे। यह निर्णय रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (RGTA) के सदस्यों की 14 फरवरी को हुई आम सभा में लिया गया।

जोन्हा स्थित सेवाधाम सभागार (सेवा भारती) में आम सभा हुई। इसमें परिवहन व्यवसाय पर चर्चा हुई। सदस्यों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि डीजल/पेट्रोल के दाम में लगातार वृद्धि से परिवहन व्यवसाय अब मुश्किल हो गया है।

परिवहन व्यवसायी ने कहा कि भाड़ा बढ़ाने पर इसका सीधा प्रभाव आम जनता पर पड़ेगा। महंगाई और अधिक बढ़ेगी। अन्यथा व्यवसाय को बंद कर देना पड़ेगा। सभा में अध्‍यक्ष एसबी सिंह ने कहा कि एक तरफ GST के WAY बिल की नई व्यवस्था से परिवहन व्यवसायी परेशान हैं। दूसरी तरफ पेट्रोलियम उत्पादों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। आखिर परिवहन व्यवसायी कैसे अपना व्यापार चलाये।

ज्ञात हो कि आल इंडिया ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन  राष्ट्रीय स्तर पर एक दिवसीय हड़ताल का आह्वान कि‍या है, जिसका समर्थन आरजीटीए कर रहा है। सभा में नीरज ग्रोवर (सचिव), पवन शर्मा, रवींद्र दुबे, प्रभाकर सिंह, सुनील सिंह चौहान, रणजीत तिवारी, सजंय जैन, राजकिशोर सिंह, आरडी यादव, सुनील माथुर, उदित नारायण सिंह, महेंद्र कुशवाहा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।