डीजल के दाम बढ़ते जाने से परिवहन व्यवसायी त्रस्त, बढ़ाएंगे भाड़ा

झारखंड
Spread the love

रांची। डीजल के दाम बढ़ते जाने से परिवहन व्यवसायी त्रस्त हैं। वे जल्द ही भाड़ा बढ़ाएंगे। भाड़ा बढ़ाने का निर्णय रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदधारियों की बैठक में लिया गया। रांची के इटकी रोड संगठन कार्यालय में 18 फरवरी को हुई बैठक की अध्यक्षता एसबी सिंह ने की। मौके पर डीजल के दाम में निरंतर वृद्धि से परिवहन व्यवसाय को हो रहे नुकसान और इसे चलाने पर चर्चा हुई।

संगठन के सचिव नीरज ग्रोवर ने कहा कि सदस्यों को पता नहीं है कि डीजल के दाम में बढ़ोत्तरी कहां जाकर रुकेगी? व्यापार बंद करने की स्थिति में बहुत सदस्य आ चुके हैं। डीजल के दाम निरंतर बढ़ने से व्यवसाय घाटे में जा रहा है।

सदस्यों ने कहा कि परिवहन भाड़ा बढ़ाना ही विकल्प है। भाड़ा बढ़ने से आम आदमी पर महंगाई का बोझ पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। श्री ग्रोवर ने कहा कि हमें अपने व्यवसाय को बचाना है। अपने परिवार का भरण पोषण करना है। अब हमारे पास भाड़ा बढ़ाना ही एक मात्र विकल्प है। उपस्थित सदस्यों ने इस बात पर अपनी सहमति व्यक्त की।

बैठक में अध्यक्ष एसबी सिंह, सचिव नीरज ग्रोवर, संजय जैन, पवन शर्मा, मदनलाल पारीक, सुनील सिंह चौहान, उदित नारायण सिंह, राजकिशोर सिंह, रवींद्र दुबे, महेंद्र कुमार कुशवाहा, विजय कुमार, अजीत कुमार प्रसाद, विनय सिंह, रणजीत तिवारी, ऋषिदेव यादव आदि उपस्थित थे।