बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में एग्रोटेक किसान मेला-2021 की तैयारी शुरू

कृषि झारखंड
Spread the love

  • 5 से 7 मार्च तक विश्वविद्यालय मुख्यालय प्रांगण में होगा आयोजन
  • पूर्वी क्षेत्र के राज्यों में कृषि से जुड़े संस्थान भी मेले में होंगे शामिल

रांची। राजधानी की राजधानी रांची से सटे कांके स्थित राज्य के एकमात्र कृषि विश्वविद्यालय में 5 से 7 मार्च तक प्रादेशिक एवं राज्यस्तरीय किसान मेला होगा। इसके आयोजन की तैयारी शुरू कर दी गयी है। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय द्वारा प्रत्येक वर्ष राज्यस्तरीय एग्रोटेक किसान मेला का आयोजन किया जाता है। वर्ष 2020 में इसका आयोजन नहीं किया जा सका था। मेले में पंडालो का निर्माण शुरू कर दिया गया है।

इस वर्ष मेले का मुख्य थीम ‘कृषि उद्यमों के विविधिकरण द्वारा ग्रामीण संपन्नता’ रखा गया है। मेले में पूर्वी राज्यों में बिहार, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा के शोध एवं विस्तार संस्थान, किसान, स्वयंसेवी संस्थाएं एवं कृषि पदाधिकारी भी भाग लेंगे। प्रदेश में स्थित आईसीएआर संस्थान, नाबार्ड, सभी जिलों के कृषि विज्ञान केंद्र, क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र, समेति, आत्मा संस्थान और स्वयंसेवी संस्थाएं भी शामिल होंगे।  

इस तीन दिवसीय मेले में सब्जी, फल, फूल, औषधीय एवं सुगंधित पौधों से युक्त बागवानी प्रदर्शनी, गोवंश, भैंस, बकरी, सूकर, मुर्गी, बत्तख आदि से युक्त पशु-पक्षी प्रदर्शनी, किसान-वैज्ञानिक गोष्ठी और महिला कृषक गोष्ठी आकर्षण के मुख्य केंद्र होंगे।

बीएयू के प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ जगरनाथ उरांव ने बताया कि मेले में झारखंड सहित पूर्वी राज्यों के आईसीएआर संस्थानों के आलावा, विवि के कृषि, वानिकी एवं पशु चिकित्सा संकायों के सभी विभागों, प्रदेश के 24 कृषि विज्ञान केंद्रों, 3 क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्रों द्वारा लाभकारी कृषि तकनीकी एवं उत्पाद प्रदर्शनी के साथ तकनीकी सेवाएं भी प्रदान की जाएगी। साथ ही, राज्य के कृषि, उद्यान, भूमि संरक्षण, पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन निदेशालय के प्रादर्श को स्टॉल में प्रदर्शित किये जायेंगे। मेले में पूर्वी राज्यों से हजारों की संख्या में आने वाले किसान, कृषि पदाधिकारी, प्रसार कार्यकर्ता और कृषि से जुड़े हितकारक नवीनतम लाभकारी कृषि तकनीकों पर अपने ज्ञान एवं अनुभव साझा करेंगे। मेले में कोविड -19 के मद्देनजर जारी दिशा-निर्देश का पालन किया जाना जरूरी होगा।

कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह ने बताया कि मेले में मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री के मार्गदर्शन में किसान की आजीविका सृजन व पोषण सुरक्षा सबंधी प्रौद्योगिकी पर विशेष फोकस होगा। झारखंड सहित पूर्वी राज्यों के कृषक समुदाय को कृषि, वानिकी, पशुपालन, जैव प्रौद्योगिकी, खाद्य प्रसंस्करण एवं मूल्यवर्धन, मत्स्य पालन, डेयरी प्रौद्योगिक एवं कृषि यंत्रीकरण आदि की नवीनतम तकनीकों से अवगत कराने के उद्देश्य से मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रदेश का एकमात्र राज्य स्तरीय किसान मेला है, जिसके व्यापक सफलता के लिए सभी तैयारियां शुरू की जा चुकी है।

मेला में स्टॉल आवंटन के लिए इच्छुक बीज, उर्वरक, कीटनाशक एवं यंत्र निर्माता एवं विक्रेता, बैंक एवं स्वयंसेवी संस्थान आदि विवि के प्रसार शिक्षा निदेशालय से संपर्क करें। स्टाँल बुकिंग के लिए जानकारी मोबाइल नंबर 9431186515/ 8578090105/ 7004434601/ 8235406223 और मेल आईडी deebauranchi@gmail।com पर संपर्क किया जा सकता है। स्टॉल का आवंटन पहले आओ पहले पाओ के आधार पर किया जायेगा।