चमोली आपदा में लापता लोगों के परिजनों से मिले मंत्री और राज्यसभा सांसद

झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। उत्तराखंड के चमोली जिले में ग्लेशियर आपदा में लोहरदगा के किस्को प्रखंड की बेटहट पंचायत के चोटांगी टोला के 9 लोग अब तक लापता हैं। उनके परिजनों से 14 फरवरी को वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो, उप विकास आयुक्त अखौरी शशांक सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल, सांसद प्रतिनिधि अशोक यादव ने मुलाकात की। उन्हें ढाढ़स बंधाया।

परिजनों से बातचीत में आश्वासन दिया गया कि जिला प्रशासन की ओर से लगातार चमोली जिला प्रशासन और एनटीपीसी कंपनी से संपर्क कर लापता मजदूरों की जानकारी ली जा रही है। पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद करने के लिए जिला प्रशासन प्रयासरत है।  पीड़ितों के परिजन और श्रम अधीक्षक आज चमोली पहुंच गए हैं।

उपायुक्त द्वारा परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग, श्रम विभाग द्वारा की जा रही राहत व्यवस्था से अवगत कराया गया। इस मौके पर परिजनों के तत्काल राहत के रूप में मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव और सांसद धीरज प्रसाद साहू ने अपनी ओर से व्यक्तिगत सहायता राशि उपलब्ध करायी।

इस मौके पर कृषि पदाधिकारी शिव कुमार राम, कार्यपालक दंडाधिकारी अमित बेसरा, नारायण राम, समाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक एआई उरांव, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रवीण केरकेट्टा, मनीषा तिर्की, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, प्रखंड विकास पदाधिकारी अनिल मिंज सहित अन्य मौजूद थे।