गुमला पहुंचे हिन्दू जागरण मंच के सदस्‍य, नरसंहार की ली जानकारी

झारखंड
Spread the love

गुमला। जिले के कामडारा प्रखंड के गुरुहातु आमटोली गांव में बीते मंगलवार को नरसंहार हुआ था। इसमें एक ही परिवार के पांच सदस्यों की निर्मम हत्या डायन-बिसाही का आरोप लगाकर कर दी गयी थी। हिन्दू जागरण मंच की झारखंड प्रदेश कमेटी के पांच सदस्य रविवार को गांव पहुंचे। वास्तविक स्थिति को जानने का प्रयास करने के बाद वहां मौजूद ग्रामीणों से बातचीत की। संवेदना प्रकट की।

मौके पर मौजूद मंच के प्रदेश अध्यक्ष लाल ऋषि नाथ शाहदेव ने ग्रामीणों को डायन बिसाही के मामले में जागरूक किया। ऐसी मानसिकता से बाहर आने की जरूरत को समझाया। उन्होंने कहा कि झारखंड बने वर्षों हो गए हैं, लेकिन अशिक्षा, अज्ञानता और आध्यात्मिकता की कमी के कारण आज मानव ही मानव का दुश्मन बना बैठा है। इसीलिए अब जरूरत सामाजिक जागरुकता की है। सरकार को भी सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में साक्षरता व जागरुकता अभियान चलाने की अत्यंत आवश्यकता है, ताकि ऐसी नृसंश हत्याएं और कुकृत्यों पर अंकुश लग सके।

श्री शाहदेव ने यह भी जानकारी दी कि उस परिवार की जो एक बच्ची बची है, जल्द ही उससे संपर्क किया जाएगा। उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव मदद किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष सुजीत सिंह, प्रदेश परावर्तन प्रमुख संजय वर्मा, जिला अध्यक्ष राकेश कर्ण एवं सोनू गुप्ता मौजूद थे।