रांची से शुरू होगी किसान रेल, मंडल स्तरीय बैठक में सहमति

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

  • नहीं घटेगा रांची से जयनगर एक्सप्रेस में सीटों का कोटा
  • लोहरदगा-टोरी मार्ग पर राजधानी या गरीब रथ चलाने पर चर्चा

रांची। किसान रेल रांची से भी शुरू होगी। राउरकेला में दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल और चक्रधरपुर रेल मंडल की बुधवार को हुई बैठक में इसपर सहमति बनी। बैठक में दोनों मंडलों के सांसद सहित रेलवे के जीएम संजय कुमार महंती और सभी उच्च पदाधिकारी उपस्थित थे। इसकी अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा सांसद जूएल उरांव ने की।

रांची सांसद संजय सेठ ने कहा कि रांची और आसपास के किसान बड़ी मात्रा में सब्जी की खेती करते हैं। उनकी फसल को उचित बाजार उपलब्ध कराने के लिए किसान रेल चलाई जाए, जिससे कि किसान अपनी सब्जियों को देश के दूसरे हिस्सों में भेज सकें। इसपर बैठक में शामिल अधिकारियों ने सहमति दी।

लुधियाना से धनबाद तक चलने वाली गंगा सतलज एक्सप्रेस का विस्तार कर उसे रांची तक लाने पर चर्चा हुई, ताकि रांची व आसपास के लोग अयोध्या, लुधियाना जैसे दूसरे राज्यों का सफर आसानी से कर सकें। इसपर भी इस बैठक में सहमति प्रदान कर इसका प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजने पर सहमति बनी। लोहरदगा-टोरी रेल मार्ग पर राजधानी एक्सप्रेस या गरीब रथ एक्सप्रेस को सप्ताह में 2 से 3 दिन चलाने पर चर्चा हुई, ताकि उस रेल लाइन का उपयोग हो। यात्रियों और रेलवे दोनों को इसका लाभ हो सके।

पुनदाग-भागलपुर में अंडरपास निर्माण को लेकर बैठक में चर्चा हुई। रेलवे के अधिकारियों ने कहा कि इससे निर्माण से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र ही राज्य सरकार को भेजा जाएगा। राज्य सरकार की सहमति मिलने के साथ ही अंडर पास बनने का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। पर्यटन के विकास की दृष्टि से रांची में भी विस्टाडोम कोच वाली ट्रेनों का संचालन किए जाने की मांग सांसद ने प्रमुखता से उठाई। इसपर रेलवे के अधिकारियों ने प्राथमिकता के साथ इस पर काम करने का आश्वासन दिया।

जयनगर एक्सप्रेस का विस्तार राउरकेला तक किए जाने के बाबत सांसद ने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर रांची से इसके सीटों की संख्या कम नहीं होनी चाहिए। इस मुद्दे पर रांची के डीआरएम ने आश्वस्त किया कि किसी भी कीमत पर रांची में ट्रेन में सीटों की संख्या नहीं कराई जाएगी, बल्कि बोगियों की संख्या बढ़ाई जाएगी।