- अगले दो दिन कहरा या धुंध छाया रहेगा
रांची। झारखंड के कई जिले 7 फरवरी से शीतलहर की चपेट में आने वाले हैं। मौसम विभाग ने दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अलर्ट के मद्देनजर लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे का कहरा या धुंध छाया रहेगा। आने वाले दो से चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी।
शनिवार को हुई बारिश
शनिवार को झारखंड की राजधानी रांची सहित कई जिलों में हल्की बारिश हुई। सुबह से मौसम साफ था। शा में अचानक बादल छा गये और गर्जन के साथ बारिश हुई। बारिश होने की वजह से शाम में हवा में कनकनी महसूस की जाने लगी।
इन जिलों में प्रभाव
रांची एयरपोर्ट स्थित मौसम विभाग ने 7 और 8 फरवरी के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन दिनों राज्य के कई इलाकों में शीतलहर चलेगी।
7 फरवरी को पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा, रांची, रामगढ़, गुमला, बोकारो, हजारीबाग और गिरिडीह में इसका असर पड़ सकता है।
इसी तरह 8 फरवरी को गुमला, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना है।
हल्की बारिश हुई
मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों में राज्य के उत्तर-पश्चिम भागों में बहुत हल्कीे बारिश हुई। डालटनगंज में सबसे अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। उच्चतम तापमान चाईबासा में 31.6 और सबसे कम तापमान चाईबासा में ही 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सेहत का ख्याल रखें
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान सर्द हवाएं सुबह के समय ठंड बढ़ा सकती है। शिशु, गर्भवती महिला, बुजुर्गों, पुरानी बीमारी वालों को स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
ये है सलाह
ठंड में लंबे समय तक रहने से बचें। ढीली फिटिंग, हल्के वजन की कई परतें पहनें। ऊनी कपड़ों की एक परत के बजाय गर्भ ऊनी कपड़े पहनें। पर्याप्त रूप से अपने सिर, गर्दन, हाथ और पैर की उंगलियों को कवर करें।