सीएम योगी ने किए बांकेबिहारी के दर्शन, करोड़ों की विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण

उत्तर प्रदेश मुख्य समाचार
Spread the love

-दोना पत्तल में करेंगे भोजन 

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को वृंदावन नगरी पहुंचे और बांकेबिहारी के दर्शन किए। सीएम योगी यहां उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा हरिद्वार कुंभ से पूर्व वैष्णव बैठक मेले का ध्वजारोहण करने के बाद अन्य कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। 

सीएम योगी आज दोपहर का भोजन सुपारी पत्ता और केला के पत्तों को मिलाकर बनाए गए पत्तल और दोने तथा संगीता पत्तल में भोजन करेंगे। इस मौके पर वे ब्रज के प्रख्यात संत देवरहा बाबा की स्मृति में स्थापित घाट का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद जिले में दोपहर ढाई बजे 190 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।

जिला अधिकारी नवनीत चहल ने बताया कि मुख्यमंत्री सुबह यहां पवन हंस हेलीपैड पर उतरे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने यहां सबसे पहले श्री बांके बिहारी के दर्शन किए। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद वे स्वामी ज्ञानानंद महाराज के आश्रम पहुंचे। इसके बाद पर्यटन सुविधा केंद्र पर संतों से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री पर्यटन सुविधा केंद्र पर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बोर्ड बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बोर्ड में करीब 190 करोड़ रुपये की नवीन योजनाओं को स्वीकृति दी जानी है। करीब एक घंटे की इस बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी संत विजय कौशल के आश्रम जाएंगे। आश्रम से कुंभ मेला स्थल पर पहुंचकर मुख्यंत्री विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर जन संबोधन करेंगे। यहां विनोद बाबा से मुलाकात के बाद नवनिर्मित यमुना घाट पर यमुना की आरती करेंगे। शाम 4ः10 बजे मुख्यमंत्री लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।

पत्तल पर भोजन करेंगे सीएम योगी

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम आज दोपहर में परिक्रमा मार्ग संत कॉलोनी स्थित श्रीकृष्ण कृपाधाम में भी है। यहां गीता मनीषी संत ज्ञानानंद महाराज से मुलाकात करेंगे। लगभग 45 मिनट का मुख्यमंत्री का कार्यक्रम श्रीकृष्ण कृपाधाम में रखा गया है। यहीं पर मुख्यमंत्री पत्तल पर भोजन भी करेंगे। इसके लिए मंदिर प्रबंधन ने दो प्रकार की पत्तलों का प्रबंध किया है। इसमें सुपारी पत्ता और केला के पत्तों को मिलाकर पत्तल और दोने तैयार किए हैं। दूसरी पत्तल खासकर ओडिशा से मंगाई गई है। यह पत्तल ओडिशा पत्ते से बनाई गई है। इसे संगीता पत्तल के नाम से जाना जाता है। इस पत्तल को थाली की डिजाइन का बनाया गया है, मजबूती के लिए इसके नीचे मोटा पेपर भी लगाया गया है। दोने भी मंगाए गए हैं, वह केला और सुपारी के पत्ते से बने हैं।

सुरक्षा में लगाए गए 1645 पुलिसकर्मी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने पूरा खाका तैयार किया गया है। लगभग 5 घंटे के कार्यक्रम में जहां जहां वह जाएंगे चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। उनकी सुरक्षा में तकरीबन 1645 सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं।