विश्व सामाजिक न्याय दिवस पर श्रमिकों के बीच बांटा गया पोषाक और कार्ड

झारखंड
Spread the love

गिरिडीह। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में जिले के जमुआ प्रखंड की ग्राम पंचायत पोबी प्रज्ञा केंद्र परिसर में शनिवार को विश्व सामाजिक न्याय दिवस पर जागरुकता शिविर लगाया गया। इस अवसर पर श्रम विभाग द्वारा निबंधित श्रमिकों के बीच कार्ड और शर्ट-पैंट के कपड़े का वितरण किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो के जिला संयुक्त सचिव सह बीसी वीएलई योगेश कुमार पाण्डेय ने की। उन्‍होंने कहा कि देश में आज भी कई नागरिक न्याय प्रक्रिया को नहीं जानते हैं। इसके अभाव में कई बार उनके अधिकारों का हनन होता है। उन्हें अधिकारों से वंचित रहना पड़ता है। हमें मिलकर जाति-धर्म, गरीबी-अमीरी, वंश-वर्ग का भेद भुलाकर एक स्वस्थ समाज की स्थापना करनी होगी। मानव अधिकारों का सम्मान करना होगा। तभी समानतामूलक, सशक्त और सभ्य राष्ट्र के नवनिर्माण की परिकल्पना सार्थक होगी।

श्रम विभाग के जमुआ प्रखंडस्तरीय श्रमिक मित्र सतीश कुमार वर्मा ने विभाग की विभिन्न योजना और कार्यक्रमों की जानकारी दी। मंच संचालन पीएलवी सुबोध कुमार साव ने किया। इस अवसर पर वार्ड सदस्य दिलीप कुमार पासवान, पिंकी देवी, श्रीकांत वर्मा, जन संगठन जन जन की आवाज के केंद्रीय उपाध्यक्ष विकास कुमार यादव, गोपालकृष्ण पाण्डेय ने भी विचार रखें। मौके पर देवेंद्र वर्मा, पंकज साव, शंकर दास, युसूफ अंसारी, दिनेश साव सहित अन्य श्रमिक मौजूद थे।