शादी समारोह में फटा गैस सिलेंडर का बर्नर, लगी आग

झारखंड
Spread the love

जमशेदपुर। शादी समारोह में गैस सिलेंडर का बर्नर अचानक फट गया। इसके बाद वहां आग लग गई। इससे वहां भगदड़ मच गई। कुछ देर के लिए शादी भी रोक दी गई। सूचना म‍िलते पुल‍िस मौके पर पहुंची। छानबीन की।

यह घटना झारखंड के जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित होटल अलकोर में रविवार की रात घटी। यहां शादी समारोह के दौरान गैस सिलेंडर का बर्नर बलास्ट हो गया। इससे पार्टी में शामिल लोगों के बीच भगदड़ मच गई। सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए गेट के बाहर भागने लगे।

समारोह में शामिल लोगों ने बताया कि बर्नर ब्‍लास्‍ट होने से आग की चिंगारी 10 फीट दूर तक जाकर गिरी। इससे टेबुल में लगा कपड़ा और जमीन पर बिछा कारपेट जल गया। इस हादसे में नौ साल का बच्चे समेत 12 लोग घायल हो गये। घायलों को इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया है। जानकारी मिलने के बाद सूबे के स्वास्‍थ्‍य मंत्री बन्ना गुप्ता अस्पताल पहुंचे। घायलों की जानकारी ली।

लोगों ने मैनेजर मंजीत सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। घटना के बाद सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट समेत कई पुलिस के अधिकारी पहुंचे। सभी बिंदुओं पर मामले की जांच की। घटना के बाद लगभग एक घंटे तक शादी समारोह रुका रहा। स्थिति सामान्य होने के बाद जयमाला की रस्म शुरू हुई। बताया जाता है कि लड़का पक्ष आदित्यपुर है। लड़की पक्ष भागलपुर से आया था।