रांची। गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो में ध्वाजारोहण किया गया। कार्यालय परिसर में आरओबी एवं पीआईबी के अपर महानिदेशक अरिमर्दन सिंह ने तिरंगा फहराया और ध्वज को सलामी दी।
राष्ट्रगान के उपरांत मौजूद लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपर महानिदेशक ने कहा कि आज ही के दिन भारत का संविधान लागू हुआ था। संविधान की मदद से ही देश चलता है। हम सभी संविधान के दायरे में ही रहकर अपना काम करते हैं। भारत का लोकतंत्र सबसे विशाल है। विविधता में एकता ही हमारे संविधान की खूबसूरती है।
वैश्विक महामारी कोरोना के बीच देश ने एकजुटता दिखाते हुए इस बीमारी को परास्त किया है। चुनौतीपूर्ण वक्त में भी सबने एक दूसरे का साथ दिया है। देश ने एकजुटता की मिसाल पेश की है। बतौर लोक सेवक समाज के प्रति हम दायित्वों से बंधे होते हैं। इस दायित्व के प्रति हमें पूरी निष्ठा दिखाते हुए अपना कार्य करना चाहिए।
इस मौके पर क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी दुमका शाहिद रहमान, क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी डालटनगंज गौरव पुष्कर सहित प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो, रांची और पत्र सूचना कार्यालय के सभी कर्मचारी मौजूद रहे। इस मौके पर कोविड के अनुरूप सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया गया।