शक के आधार पर पुलिस ने की वाहन की जांच, रह गई दंग

झारखंड
Spread the love

रांची। शक के आधार पर पुलिस ने वाहन को पकड़ा। जांच करने पर दंग रह गई। इसमें प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई। अब पुलिस जांच कर रही है कि यह कहां से आई। इसकी सप्लाई कौन कर रहा है।

दरअसल, झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव चौक के पास 29 जनवरी को पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा पकड़ा। दोपहर से टाटीसिलवे की ओर एक छोटा हाथी वाहन जा रहा था। खेलगांव चौक के सिंग्नल पर खड़े वाहन को चालक जल्दबाजी में आगे ले जाना चाह रहा था। सिंग्नल पर ग्रीन लाइट जलते ही चालक वाहन तेजी से चलाते हुए टाटीसिलवे की ओर जाने लगा।

चालक की इस हरकत से ट्रैफिक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों को शंका हुई। इसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना उस क्षेत्र के लिए तैनात पीसीआर-30 को दी। पीसीआर ने वाहन का पीछा करते हुए उसे खेलगांव के मेन गेट के थोड़ा पहले पकड़ लिया। चालक से वाहन पर लदे सामनों से संबंधित कागजातों की मांग की। इसपर चालक आनाकानी करने लगा। इससे पुलिसकर्मियों का शक और पुख्ताि हो गया।

फिर पुलिस ने वाहन का पर लगे तिरपाल को हटाया। इसके बाद पुलिस दंग रह गई। तिरपाल के अंदर भारी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा रखा हुआ था। पीसीआर के पुलिसकर्मियों ने बताया कि जेएच01 डीएल 3516 नंबर की गाड़ी को जब्त कर लिया है। वाहन में प्रतिबंधित गुटखा कमला पसंद था। यह बोरा और कार्टून में बंद था।

पुलिस चालक और एक अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि प्रतिबंध के बाद भी गुटखा की बिक्री कौन और कैसे कर रहा है। गुटखा की सप्लाई रांची में कहां से हो रही है।