मुख्‍यमंत्री आवास घेराव को सफल बनाने का संकल्‍प लिया पारा शिक्षकों ने

झारखंड शिक्षा
Spread the love

दुमका। जिले के जरमुंडी प्रखंड स्थित नगर भवन के समीप रविवार को जरमुंडी प्रखंड के पारा शिक्षकों की बैठक हुई। पारा शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष अशोक यादव ने इसकी अध्यक्षता की। इसमें पारा शिक्षकों ने मुख्यमंत्री आवास घेराव के निर्णय को सफल बनाने का संकल्‍प लिया।

प्रखंड अध्यक्ष अशोक यादव ने बताया कि सेवा शर्त नियमावली का लाभ मिलने एवं पारा शिक्षकों की सेवा स्थायीकरण, वेतनमान निर्धारित करने की मांग को लेकर 10 फरवरी को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाना है। प्रखंड सचिव सहदेव मंडल ने बताया कि तीन सूत्री मांगों को लेकर एकीकृत पारा शिक्षक संघ द्वारा मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए जरमुंडी प्रखंड से करीब चार सौ की संख्या में 9 फरवरी को जरमुंडी प्रखंड के पारा शिक्षकों का जत्था रांची रवाना होगा।

राज्य भर के 65 हजार शिक्षकों की सेवा स्थायीकरण करते हुए वेतनमान निर्धारित करने एवं सेवा शर्त नियमावली का लाभ देने की मांग को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है। मौके पर पारा शिक्षक संघ के मनोज मंडल, अशोक मिश्र, अनिल मंडल, अनिल पत्रलेख, मनोज साह, धनेश्वर यादव, नव कुमार दास, बसंत वैद्य, सुदर्शन राय, रेनू देवी, राज कुमार रजक, विनोद कुमार, सुनैना, संजीव कुमार यादव, संजय कुमार शर्मा, विजय कुमार, अन्ति देवी, गंगाधर प्रसाद, प्रदीप कुमार यादव, इंदर राय सहित अन्‍य पारा शिक्षक मौजूद थे।