बिरसा किसान डायरी में है लाभकारी कृषि तकनीकी का समावेश

कृषि झारखंड
Spread the love

  • किसानों के लिए डायरी एक ग्रंथ : कुलपति
  • बि‍रसा कृषि विश्‍वविद्यालय ने प्रकाशित की

रांची। झारखंड में कृषि, पशुपालन एवं वानिकी के क्षेत्र में शिक्षा, अनुसंधान और विस्तार गतिविधियों के माध्यम से किसानों की सामाजिक-आर्थिक दशा सुधारने में बिरसा कृषि विश्वविद्यालय वर्ष 1980 से अपनी भूमिका निभा रहा। विश्वविद्यालय द्वारा वर्ष 2020 को छोड़कर हर वर्ष बिरसा किसान डायरी का प्रकाशन किया जाता रहा है। प्रदेश के किसान, कृषि प्रसार पदाधिकारी एवं कृषि से जुड़े हितकारकों के बीच इस डायरी की विशिष्ठ पहचान है।

हाल के वर्षो में कृषि तकनीकी के क्षेत्र में काफी बदलाव आया है। खेती को लाभकारी बनाने की दिशा में वैज्ञानिकों ने अनेकों तकनीकों को विकसित किया। खेती के प्रति किसानों की सोच में भी बदलाव आया है। बदलते कृषि परिवेश में लाभकारी कृषि की अद्यतन तकनीकों के समावेश से विश्वविद्यालय द्वारा इस वर्ष बिरसा किसान डायरी- 2021 का प्रकाशन किया गया है।

इस डायरी में झारखंढ का कृषि परिदृश्य, प्रदेश के उपयुक्त फसल उत्पादन की उन्नत कृषि प्रणाली, सब्जियों, फूलों, फलों एवं मसाला फसलों की उन्नत खेती की पैकेज प्रणाली, बीजोपचार, कीट एवं रोग प्रबंधन, घरेलु साधन से कीट प्रबंधन, प्रमुख औषधीय एवं सुगंधित पौधों के पैकेज प्रणाली की अद्यतन तकनीकी जानकारी दी गई है। इसके साथ झारखंड के लिए उपयुक्त आकस्मिक फसल कृषि योजना, किसानों की आय दोगुनी करने के उपाय, उन्नत कृषि यंत्रों के रखरखाव, फसल उत्पादों का मूल्यवर्धन, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन का जिक्र है।

झारखंड के लिए उपयुक्त कृषि वानिकी प्रणाली, समन्वित कृषि प्रणाली, बांस की खेती व मूल्य संवर्धन, वनोत्पादों का मूल्य संवर्धन, बेक का यार्ड पोल्ट्री फार्मिंग, संकर सूकर पालन, पशुओं के जीवाणुजन्य व बैक्टीरियल रोगों एवं पशु रोग का सही उपचार आदि तकनीकों का समावेश भी किया गया है। इस डायरी का मूल्य 125 रुपये है। इसे रांची के कांके स्थित विश्वविद्यालय के एटीक केंद्र, प्रसार शिक्षा निदेशालय से खरीदा जा सकता है।  

कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों के सहयोग से इस डायरी को अधिक किसानोपयोगी बनाने का प्रयास किया गया है। यह किसानों के लिए एक ग्रंथ की तरह है। यह डायरी किसानों और कृषि हितकारकों के लिए उपयोगी तकनीकी निर्देशिका साबित होगी।